Samachar Nama
×

एशियन गेम्स पदक विजेताओं को राष्ट्रपति मुर्मु की शुभकामनाएं, बोलीं-हर भारतीय को गर्व

एशियन गेम्स पदक विजेताओं को राष्ट्रपति मुर्मु की शुभकामनाएं, बोलीं-हर भारतीय को गर्व
एशियन गेम्स पदक विजेताओं को राष्ट्रपति मुर्मु की शुभकामनाएं, बोलीं-हर भारतीय को गर्व

नई दिल्ली, 29 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी। साथ ही, उन्होंने मिक्स्ड 4x100 मीटर और पुरुषों की 4x400 मीटर रिले टीमों को भी ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी है।

महिलाओं की 4x400 मीटर रिले टीम ने भारत को गोल्ड जिताया। किरण पहल, एमआर पूवम्मा, प्राची और विथ्या की जोड़ी ने 3:29.69 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। महिला टीम की तारीफ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में गोल्ड मेडल जीतने पर किरण पहल, पूवम्मा मचेत्तिरा, प्राची चौधरी और विथ्या रामराज को हार्दिक बधाई देती हूं। इस ऐतिहासिक जीत ने एशियन गेम्स में इस इवेंट में भारत को अपना पहला गोल्ड मेडल दिलाया है। ऐसी जीत के बाद राष्ट्रगान सुनकर हर भारतीय को गर्व महसूस होता है। इस सुनहरे पल की यादें आने वाले कई वर्षों तक संजोकर रखी जाएंगी। यह उपलब्धि कई युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।"

वहीं, पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। धर्मवीर चौधरी, मनु थीक्किनिल, जय कुमार और विशाल थेन्नारासु की भारतीय चौकड़ी ने 3:01.61 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।

पुरुष टीम की तारीफ में राष्ट्रपति ने कहा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर धर्मवीर चौधरी, मनु थेक्किनालिल साजी, जय कुमार और विशाल थेन्नारासु कयालविझी को बधाई देती हूं। यह उपलब्धि आपको उत्कृष्टता के लिए प्रयास जारी रखने और देश का और अधिक गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित करे।"

गुलवीर सिंह ने एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रचते हुए मेडल की हैट्रिक पूरी कर ली है। भारतीय धावक ने मंगलवार को पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले उन्होंने 10,000 मीटर और 1500 मीटर इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किए थे।

भारतीय धावक की तारीफ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मैं एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने और पदकों की एक यादगार उपलब्धि हासिल करने पर गुलवीर सिंह को एक बार फिर बधाई देती हूं। खेलों के एक ही संस्करण में तीन अलग-अलग दूरी की स्पर्धाओं में पोडियम पर जगह बनाना असाधारण सहनशक्ति, दृढ़ संकल्प और निरंतरता को दर्शाता है। ऐसी और भी कई उपलब्धियों के लिए आपको मेरी शुभकामनाएं।"

मंगलवार को मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले फाइनल में भारत ने 41.06 सेकंड के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम करते हुए एक नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। राष्ट्रपति ने भारतीय टीम की तारीफ में कहा, "एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर गुरिंदरवीर सिंह, स्नेहा शानुवल्ली सत्यनारायण, अनिमेष कुजूर और हरिता भद्रा को बहुत-बहुत बधाई। आपके बेहतरीन टीमवर्क और तेज रफ्तार ने देश का मान बढ़ाया है। उम्मीद है कि आप अपने समर्पण और शानदार प्रदर्शन से युवा एथलीट्स को प्रेरित करते रहेंगे।"

पूजा ने महिलाओं की 'हाई जंप' में 1.84 मीटर की छलांग मारकर ब्रॉन्ज मेडल जीता और 24 साल के सूखे को समाप्त कर दिया। उनकी तारीफ में राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की हाई जंप स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर पूजा को हार्दिक बधाई। आपका शानदार प्रदर्शन आपके कौशल और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। आप इसी तरह नए कीर्तिमान स्थापित करती रहें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छूती रहें।"

मंगलवार को भारतीय मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल को 90+ किग्रा भारवर्ग में कजाकिस्तान के ओरलबे से मुकाबले में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

राष्ट्रपति ने लिखा, "मैं एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 90+ किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर नरेंद्र बेरवाल को दिल से बधाई देती हूं। रिंग में आपके जबरदस्त प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है और भारतीय बॉक्सिंग में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि जोड़ी है। आपके खेल के सफर में और भी कई सफलताओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

--आईएएनएस

आरएसजी/वीसी

Share this story

Tags