Samachar Nama
×

एशियन गेम्स में भारत की सफलता का राज, इन खेलों ने दिलाई सबसे बड़ी कामयाबी

एशियन गेम्स में भारत की सफलता का राज, इन खेलों ने दिलाई सबसे बड़ी कामयाबी
एशियन गेम्स में भारत की सफलता का राज, इन खेलों ने दिलाई सबसे बड़ी कामयाबी

नई दिल्ली, 10 सितंबर (आईएएनएस)। चार साल में एक बार आयोजित होने वाले 'एशियन गेम्स' की शुरुआत साल 1951 में हुई थी, जिसका पहला संस्करण भारत की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित हुआ था। भारत ने अब तक दो बार (साल 1951 और 1982) में इन खेलों की मेजबानी की है।

एशियन गेम्स में सर्वाधिक मेडल चीन के नाम है, जिसने 1,674 गोल्ड, 1,105 सिल्वर और 791 सिल्वर के साथ कुल 3,570 पदक हासिल किए हैं। सिर्फ तीन देश अब तक 1,000 मेडल के आंकड़े को छू सके हैं, जिसमें चीन के बाद जापान (3,200 से ज्यादा मेडल) और साउथ कोरिया (कुल 2,400 से ज्यादा मेडल) शामिल हैं।

भारत ने साल 1951 में आयोजित एशियन गेम्स में दूसरा पायदान हासिल करते हुए कुल 51 मेडल जीते थे। इनमें 15 गोल्ड, 16 सिल्वर और 20 ब्रॉन्ज थे। साल 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में भारत ने पहली बार कुल मेडल के मामले में शतक लगाया। पिछली बार भारत की झोली में 28 गोल्ड, 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज के साथ कुल 107 मेडल आए थे।

भारत ने साल 1951 के बाद 6 बार कुल पदकों के मामले में 50 का आंकड़ा छुआ है। भारत को साल 1982 में 57 मेडल, साल 2006 में 53 मेडल, साल 2010 में 65 मेडल, साल 2014 में 57 मेडल, साल 2018 में 70 मेडल और साल 2023 में 107 मेडल हासिल हुए थे।

भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक कुल 779 मेडल जीते हैं, जिसमें सर्वाधिक मेडल एथलेटिक्स से आए, जिसमें देश के नाम 85 गोल्ड, 102 सिल्वर और 96 ब्रॉन्ज मेडल हैं।

शूटिंग में भारत ने अब तक 16 गोल्ड, 30 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज के साथ कुल 80 मेडल हासिल किए हैं। वहीं, कुश्ती में भारत ने कुल 65 मेडल (11 गोल्ड, 15 सिल्वर और 39 ब्रॉन्ज) जीते हैं। इसके अलावा, मुक्केबाजी में भी भारत ने पदकों का अर्धशतक लगाते हुए 9 गोल्ड, 17 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज के साथ कुल 62 मेडल जीते हैं।

टेनिस में भारत ने कुल 34 मेडल (10 गोल्ड, 7 सिल्वर और 17 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए, जबकि रोइंग में 2 गोल्ड, 7 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज के साथ देश की झोली में कुल 28 मेडल आए हैं। सेलिंग में 23 मेडल (1 गोल्ड, 8 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज) भारत ने जीते हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags