Samachar Nama
×

एशियन गेम्स 2026: राउंड ऑफ 16 में हारकर टूटा प्रीति का मेडल जीतने का सपना, सचिन ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

एशियन गेम्स 2026: राउंड ऑफ 16 में हारकर टूटा प्रीति का मेडल जीतने का सपना, सचिन ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
एशियन गेम्स 2026: राउंड ऑफ 16 में हारकर टूटा प्रीति का मेडल जीतने का सपना, सचिन ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

निशियो, 25 सितंबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल अपने नाम करने वालीं भारतीय महिला बॉक्सर प्रीति पवार को एशियन गेम्स 2026 के 54 किलोग्राम के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में नॉर्थ कोरिया की दो बार की वर्ल्ड चैंपियन पैंग चोल-मी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

इस हार के साथ ही प्रीति का एशियन गेम्स में मेडल जीतने का सपना भी टूट गया है। चोल-मी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और हांग्जो एशियन गेम्स की ब्रॉन्ज मेडल विजेता भारतीय खिलाड़ी को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराया।

प्रीति को पहले राउंड में बाई मिला था, जबकि नॉर्थ कोरियाई बॉक्सर ने राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में इंडोनेशिया की नबीला महारानी को हराया था। चोल-मी ने भारतीय बॉक्सर के खिलाफ पहले राउंड से ही दबदबा बनाए रखा और उन्हें अपनी शर्तों पर खेलने का मौका नहीं दिया। नॉर्थ कोरियाई खिलाड़ी ने पहला राउंड सर्वसम्मति से जीता और दूसरे राउंड में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

भारतीय बॉक्सर ने आखिरी राउंड में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन नॉर्थ कोरिया की खिलाड़ी का पलड़ा भारी रहा। उन्होंने सोच-समझकर पंच मारे और प्रति उनके सामने संघर्ष करती नजर आईं। आखिर में, चोल-मी ने तीसरा राउंड भी 5-0 से जीता और सर्वसम्मति से मुकाबला अपने नाम किया।

इससे पहले, भारत के सचिन ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में जॉर्डन के पूर्व एशियन चैंपियन और वर्ल्ड ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मोहम्मद अबू जाजेह को 4-1 के स्प्लिट फैसले से हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाले सचिन को दो 30-27 कार्ड और दो 29-28 कार्ड मिले, जबकि एक कार्ड 28-29 का रहा, जिससे उन्होंने मुकाबला अपने नाम किया।

मुकाबले की शुरुआत धीमी रही, लेकिन सचिन ने पहला राउंड 3-2 के करीबी अंतर से जीत लिया। दूसरे राउंड में उन्होंने और बेहतर खेल दिखाया तथा सटीक पंच लगाकर 4-1 से बढ़त बना ली। तीसरे राउंड में जॉर्डन के बॉक्सर ने वापसी की कोशिश की, लेकिन उनके कई पंच निशाने पर नहीं लगे। सचिन ने यह राउंड भी 4-1 से अपने नाम किया और इसी स्कोर के अंतर से मुकाबला जीतकर अगले दौर में जगह बना ली। अब क्वार्टर फाइनल में सचिन का मुकाबला वर्ल्ड ब्रॉन्ज मेडलिस्ट शुनसुके कितामोटो से होगा, जहां वह एशियन गेम्स में अपना पहला मेडल जीतने का प्रयास करेंगे।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags