एशियन गेम्स 2026: महिला टीम क्वार्टर फाइनल के पहले मैच में हारीं पीवी सिंधु, जापान ने बनाई 1-0 की बढ़त
इचिनोमिया सिटी, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 के महिला टीम क्वार्टर फाइनल के पहले मैच में जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में खेला गया, जहां यामागुची ने सिंधु को हराकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।
पहला गेम टाई-ब्रेक में जीतने के बाद सिंधु तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन यामागुची से 21-23, 21-18, 21-11 से हार गईं, जिससे जापान को क्वार्टर फाइनल में 1-0 की बढ़त मिल गई। उन्नति हुड्डा दूसरे मुकाबले में टोमोका मियाजाकी के खिलाफ भारत के लिए स्कोर बराबर करने की कोशिश करेंगी।
इस मैच से पहले, दोनों खिलाड़ी 30 बार आमने-सामने हो चुकी थीं, जिसमें सिंधु 16 जीत के साथ हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में आगे थीं। मंगलवार की हार के बाद दोनों के बीच हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 16-15 हो गया है, जो अभी भी सिंधु के पक्ष में है। सिंधु ने 6-10 के अंतर को पाटते हुए अच्छा खेल दिखाया और स्कोर 12-12 तक पहुंचाया। इसके बाद 15-18 से पिछड़ने के बाद वापसी की और एक गेम प्वाइंट बचाकर पहला गेम 23-21 से जीता।
दूसरे गेम में, 12-17 से पिछड़ने के बाद सिंधु ने तेजी से कुछ प्वाइंट हासिल किए और अंतर को 16-18 तक कम कर दिया। यामागुची ने तुरंत जवाब देते हुए 19-16 की बढ़त बना ली, लेकिन सिंधु ने एक जबरदस्त स्मैश लगाया जिसे जापानी खिलाड़ी नहीं रोक पाई। मगर यह यामागुची को दूसरा गेम 21-18 से जीतने से रोकने के लिए काफी साबित नहीं हुआ।
निर्णायक गेम एकतरफा रहा, जिसमें यामागुची ने सिंधु पर दबदबा बनाए रखा। कड़े मुकाबले की थकान सिंधु पर जल्दी ही दिखने लगी और वह आधे समय तक 4-11 से पीछे थीं। सिंधु के लिए यह मुकाबला 11-21 की हार के साथ समाप्त हुआ। भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने एशियन गेम्स में अब तक सिर्फ एक टीम मेडल जीता है। यह ब्रॉन्ज मेडल 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में मिला था। इसके बाद एशियन गेम्स 2023 में भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सकी और क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड से 0-3 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
--आईएएनएस
एसएम/एएस

