एशियन गेम्स 2026 के भारतीय दल से पीएम मोदी की मुलाकात, खिलाड़ियों ने भेंट की 'जर्सी'
नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के भारतीय दल से मुलाकात की। इस दौरान भारतीय हॉकी टीम ने पीएम मोदी को 'हॉकी स्टिक' और 'जर्सी' भेंट की। कार्यक्रम में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पीटी उषा भी उपस्थित रहीं।
पीएम मोदी ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम से भी मुलाकात की। इस कार्यक्रम में पीएम ने भारतीय रेसलर्स, तीरंदाजों समेत अन्य पदक विजेताओं और उनके सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी।
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 85 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। मेडल टैली में चीन 341 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जापान ने 260 मेडल के साथ दूसरे और साउथ कोरिया 150 मेडल के साथ तीसरे पायदान पर रहा।
एक ओर भारतीय पुरुष और हॉकी टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किए, तो दूसरी तरफ पुरुष और महिला हॉकी टीम ने भी गोल्ड मेडल जीते। भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने भी देश के लिए पहला स्थान हासिल किया।
भारत ने सॉफ्ट टेनिस और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) जैसे नए खेलों में पहली बार पदक जीतकर अपनी पहचान बनाई। निशानेबाजी में महिला ट्रैप स्पर्धा का पहला गोल्ड मेडल भी भारत के खाते में आया, जो एक बड़ी उपलब्धि रही।
वहीं, वेटलिफ्टिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 साल बाद एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता। ग्रीको-रोमन कुश्ती में भारत ने 64 साल का इंतजार खत्म किया, जब एक भारतीय पहलवान ने रजत पदक जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया।
इन उपलब्धियों से स्पष्ट है कि भारत अब सिर्फ पारंपरिक खेलों में ही नहीं, बल्कि नए खेलों में भी लगातार आगे बढ़ रहा है और एशियाई स्तर पर अपनी मजबूत छाप छोड़ रहा है।
--आईएएनएस
आरएसजी

