Samachar Nama
×

एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी, ईरान को 37-23 से हराया

एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी, ईरान को 37-23 से हराया
एशियन गेम्स 2026: भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी, ईरान को 37-23 से हराया

नागोया, 23 सितंबर (आईएएनएस)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय टीम ने कड़े मुकाबले में ईरान को 37-23 से हराते हुए टूर्नामेंट की अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

भारत और ईरान के बीच पहले हाफ में खासतौर पर कांटे की टक्कर देखने को मिली। ईरान ने मुकाबले में शुरुआती बढ़त बनाई। 10-6 के स्कोर पर भारतीय टीम ऑलआउट होने की दहलीज पर थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी पूजा ने बेहतरीन रेड करते हुए दो प्वाइंट अर्जित किए। पूजा की यह रेड मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई और इसके बाद भारतीय टीम ने जबरदस्त वापसी की।

जल्द ही भारतीय टीम ने स्कोर को 11-11 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम का अंत होने तक भारत ने 19-15 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भारतीय टीम ईरान के डिफेंस पर पूरी तरह से हावी नजर आई। हालांकि, ईरान के रेडर ऐनाज जोब्रान की तीन प्वाइंट की सुपर रेड ने टीम को मैच में वापस लाने का काम किया।

दबाव में भारतीय डिफेंस और रेडर्स ने कमाल का संयम दिखाया। भारत ने सुपर टैकल करते हुए मुकाबले में 26-21 की बढ़त बनाई। इसके बाद ईरान के रेडर्स ने एक के बाद एक गलती की, जिसका भरपूर फायदा भारतीय टीम को मिला। प्वाइंट्स के अंतर को कम करने की जल्दबाजी में ईरान के रेडर्स ने भारतीय डिफेंस को तोहफे के तौर पर कई अहम प्वाइंट्स दिए, जिससे भारत की लीड बढ़ती चली गई। यह भारत की लगातार दूसरी जीत है।

इससे पहले, टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की थी। टीम की ग्रुप ए में अगली भिड़ंत अब जापान से गुरुवार को होगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने गोल्ड मेडल का बचाव करने उतरी है। एशियन गेम्स 2026 में कुल 8 कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ईरान, बांग्लादेश और जापान के साथ रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में श्रीलंका, थाईलैंड, चीनी ताइपे और नेपाल मौजूद है।

--आईएएनएस

एसएम/एएस

Share this story

Tags