Samachar Nama
×

एशियाई खेल 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगी

एशियाई खेल 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगी
एशियाई खेल 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगी

नागोया, 23 जुलाई (आईएएनएस)। आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का आधिकारिक ड्रॉ गुरुवार को जारी कर दिया गया। ड्रॉ के बाद मौजूदा चैंपियन भारत की पुरुष और महिला टीमों के अभियान की तस्वीर साफ हो गई है। भारतीय महिला टीम अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत मेजबान जापान के खिलाफ करेगी, जबकि पुरुष टीम को सीडिंग के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है।

हांगझू 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम अंतिम-आठ चरण में जापान से भिड़ेगी। यदि भारत यह मुकाबला जीतता है तो सेमीफाइनल में उसका सामना बांग्लादेश या चीन में से किसी एक टीम से होगा। वहीं दूसरे क्वार्टर फाइनल में श्रीलंका का मुकाबला मलेशिया से और पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से होगा। इन दोनों मुकाबलों के विजेता दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे।

पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को शीर्ष वरीयता मिलने के कारण सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिला है। हालांकि, इन टीमों के प्रतिद्वंद्वियों का फैसला अभी होना बाकी है। बाकी चार स्थान क्वालिफाइंग राउंड के जरिए तय होंगे। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल को रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में हांगकांग, चीन, मलेशिया और ओमान शामिल हैं। दोनों समूहों की शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर वरीयता प्राप्त टीमों से भिड़ेंगी।

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक खेली जाएगी, जबकि पुरुष टूर्नामेंट 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होगा। सभी मुकाबले टी20 प्रारूप में आइची प्रांत के कोरोगी एथलेटिक पार्क में खेले जाएंगे और उन्हें पूर्ण अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त होगा।

भारतीय महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी, जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। पुरुष टीम की कमान श्रेयस अय्यर संभालेंगे और तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। 15 सदस्यीय पुरुष टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है।

क्रिकेट चौथी बार एशियाई खेलों का हिस्सा बनेगा। इससे पहले 2010 ग्वांगझू, 2014 इंचियोन और 2023 हांगझू में क्रिकेट शामिल था। भारत ने पिछली बार पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे। आइची-नागोया एशियाई खेल क्रिकेट के लिए इसलिए भी खास हैं क्योंकि इसके बाद 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में 128 वर्षों के अंतराल के बाद इस खेल की वापसी होने जा रही है।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story