एशिया कप राइजिंग स्टार्स: कुमार कुशाग्र और तिलक वर्मा का शतक, नेपाल के खिलाफ भारत ने 9 विकेट खोकर बनाए 332 रन
दोहा, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के चौथे मैच में भारत की भिड़ंत नेपाल के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 332 रन बनाए हैं। टीम की ओर से तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतकीय पारियां खेली।
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा महज 9 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आयुष बदोनी भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 32 गेंदों में 26 रन बनाने के बाद आउट हुए। 42 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही भारतीय टीम को तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 191 गेंदों में 206 रनों की साझेदारी निभाई।
कप्तान तिलक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 113 गेंदों में 107 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में तिलक ने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, कुमार कुशाग्र ने 102 गेंदों का सामना करते हुए 10 चौके और 5 छक्के लगाए। तिलक-कुशाग्र की बेहतरीन बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम शानदार वापसी करने में सफल रही। हालांकि, रिंकू सिंह बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 9 रन बनाकर आउट हुए।
शहबाज अहमद 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि विपराज निगम अपना खाता तक नहीं खोल सके। हर्षित राणा 1 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में सूर्यांश शेडगे ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 छक्के लगाए। सूर्यांश की आतिशी पारी के चलते भारतीय टीम 300 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। प्रिंस यादव एक रन बनाकर नाबाद रहे। नेपाल की ओर से गेंदबाजी में कप्तान संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी ने तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, नंदन यादव ने 2 विकेट झटके। पवन सर्राफ एक विकेट निकालने में सफल रहे।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

