Samachar Nama
×

एशिया कप राइजिंग स्टार्स: दरवेश रसूली की मेहनत हुई बेकार, श्रीलंका-ए ने अफगानों को 6 विकेट से हराया

एशिया कप राइजिंग स्टार्स: दरवेश रसूली की मेहनत हुई बेकार, श्रीलंका-ए ने अफगानों को 6 विकेट से हराया
एशिया कप राइजिंग स्टार्स: दरवेश रसूली की मेहनत हुई बेकार, श्रीलंका-ए ने अफगानों को 6 विकेट से हराया

दोहा, 19 नवंबर (आईएएनएस)। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के शुरुआती दिन, ग्रुप-ए के दूसरे मुकाबले में श्रीलंका-ए ने अफगानिस्तान-ए के विरुद्ध 6 विकेट से जीत हासिल की।

दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी अफगान टीम 35.3 ओवरों में सिर्फ 139 रन पर सिमट गई। इस टीम ने महज 19 के स्कोर तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद दरवेश रसूली ने मोर्चा संभाला।

दरवेश ने फैसल शिनोजादा (12) के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 रन, जबकि कप्तान इकराम अलीखिल (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 34 रन जुटाकर टीम को किसी तरह 94 के स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद रसूली ने फरमानुल्लाह सफी (3) के साथ छठे विकेट के लिए 21 रन जुटाए। दरवेश 89 गेंदों में 2 छक्कों और 8 चौकों के साथ 80 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

श्रीलंका की तरफ से चमिका हीनातिगाला ने 11 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट निकाले, जबकि जनिथ लियानागे, वानुजा सहान और निपुण धनंजय को 2-2 विकेट हाथ लगे।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 21.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली। लसिथ क्रूसपुले ने सिनेथ जयवर्धने (28) के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की, जिसके बाद निशान मदुष्का (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़कर टीम को 91 के स्कोर तक पहुंचा दिया।

इसके बाद पवन रत्नायके ने मोर्चा संभाला। उन्होंने क्रूसपुले के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 रन जोड़े। इस टीम को 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर क्रूसपुले (40) के रूप में तीसरा झटका लगा, जिसके बाद अगली गेंद पर निपुण धनंजय (0) भी अपना विकेट खो बैठे।

यहां से कप्तान पवन रत्नायके ने जनिथ लियानागे के साथ पांचवें विकेट के लिए 25 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। रत्नायके 4 बाउंड्री के साथ 29 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि लियानागे ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी खेमे से नवीद जादरान ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि बिलाल सामी और फरमानुल्लाह सफी को 1-1 विकेट हाथ लगा।

श्रीलंकाई टीम अपना अगला मैच 21 नवंबर को हांग कांग, चीन के विरुद्ध खेलेगी। इसी दिन अफगानिस्तान-ए का सामना बांग्लादेश-ए से होगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story