आशा भोसले के घर पहुंचे अनुपम खेर, सन्नाटे में खोजी दिग्गज गायिका की आवाज
मुंबई, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। कई दशकों तक अपनी गायिकी का जलवा बिखेर चुकीं मशहूर गायिका आशा भोसले अब दुनिया में नहीं है। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर हाल ही में उनके घर गए और दिवंगत गायिका को श्रद्धांजलि दी।
वहां पहुंचकर अनुपम खेर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि घर में गहरी खामोशी थी, फिर भी उन्हें लग रहा था जैसे आशा की गुनगुनाहट अभी भी हर कोने में गूंज रही हो। अनुपम ने सोशल मीडिया पर वहां की तस्वीर पोस्ट की। इसमें वे आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले, बहू अनुजा, और पोती जनाई भोसले के साथ दिखाई दे रहे हैं।
अनुपम ने लिखा, "साउंड ऑफ साइलेंस। आज मैं महान गायिका आशा भोसले के घर उन्हें श्रद्धांजलि देने गया। घर में गहरी खामोशी पसरी हुई थी। ऐसी खामोशी जो बहुत कुछ कह रही थी। फिर भी, उस सन्नाटे में ऐसा लग रहा था कि जैसे उनकी आवाज अब भी हर कोने में गूंज रही हो।"
अभिनेता ने बताया कि आशा के घर पर गायिका के बेटे आनंद, बहू अनुजा और पोती जनाई भोसले से मुलाकात हुई थी। अभिनेता ने लिखा, "घर पर सभी सदस्यों से मुलाकात हुई। सब बहुत ही अच्छे और स्नेही थे। वे चुपचाप उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। कभी-कभी ऐसे पल सिर्फ दुख नहीं देते, बल्कि थोड़ा सुकून भी दे जाते हैं। मैं वहां से चुपचाप वापस आ गया, लेकिन दिल में उनके गाने अब भी धीरे-धीरे बज रहे हैं। आशा जी अमर रहें! जय हो।"
अभिनेता के पोस्ट देखकर यूजर्स काफी भावुक हो गए। साथ ही अभिनेता के साथियों ने कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दी। तनिषा मुखर्जी ने हाथ जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी तो सुदेश भोसले ने भी कमेंट सेक्शन पर आई लिखा।
बता दें कि गायिका आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल को मल्टी ऑर्गन फेलर के कारण हो गया था। गायिका की पोती जनाई ने सोशल मीडिया के माध्यम से गायिका के निधन की जानकारी दी थी।
--आईएएनएस
एनएस/डीकेपी

