असम विधानसभा चुनाव : तेजपुर-डेरगांव में राजनाथ सिंह चुनावी रैली को संबोधित करेंगे
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। असम विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को राज्य में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। रक्षा मंत्री का यह दौरा भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इन क्षेत्रों में पार्टी अपनी स्थिति मजबूत करने के प्रयास में जुटी है। उनके संबोधन से स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ने और मतदाताओं को अपने पक्ष में साधने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस संबंध में जानकारी देते हुए लिखा, "कल, 31 मार्च को मैं असम में चुनाव प्रचार करूंगा। तेजपुर और डेरगांव विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए उत्सुक हूं।"
इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अप्रैल को असम के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के तहत दो बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी नेताओं के अनुसार, प्रधानमंत्री सबसे पहले लखीमपुर जिले के बिहपुरिया में एक जनसभा करेंगे। इसके बाद वह गोहपुर में दूसरी रैली को संबोधित करेंगे।
बिहपुरिया और गोहपुर दोनों ही विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। भाजपा इन क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं की रैलियों पर विशेष जोर दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा खास तौर पर ऊपरी असम में मतदाताओं का समर्थन बढ़ाने और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के उद्देश्य से की जा रही है।
बता दें कि असम चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज करने के लिए भाजपा के कई दिग्गज नेता इन दिनों ताबड़तोड़ रैली और जनसंपर्क कर रहे हैं। ऐसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रधानमंत्री मोदी की इन रैलियों से यह साफ है कि भाजपा असम चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। शीर्ष नेतृत्व के जरिए पार्टी राज्य में अपने लिए माहौल बनाने और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रही है।
--आईएएनएस
पीएसके/एबीएम

