असम में मतदान जारी: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पूजा कर भगवान से मांगा आशीर्वाद, मतदाताओं से की वोटिंग की अपील
गुवाहाटी, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इसी बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने घर पर विशेष पूजा अर्चना की और भगवान से आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने घर पूजा करने का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "प्रभु का आशीर्वाद और जनता के विश्वास का संकल्प लेकर, असम के उज्ज्वल भविष्य की ओर।"
इससे पहले, उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "आज असम में मतदान हो रहा है। एक बेहतर असम के निर्माण की दिशा में हर आवाज और हर वोट मायने रखता है। लोकतंत्र के इस पर्व के अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि आप बड़ी संख्या में बाहर निकलें और मतदान करें, ताकि लोकतंत्र को मजबूत बनाया जा सके और असम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।"
बता दें कि 126 सदस्यों वाली असम विधानसभा के लिए यह चुनाव बेहद अहम है, जिसमें भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, जबकि कांग्रेस को सरकार में वापसी की उम्मीद है। यह चुनाव 2023 में इस पूर्वोत्तर राज्य में हुए परिसीमन के बाद पहला चुनाव है।
असम में कुल 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 59 महिलाएं शामिल हैं। प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई, विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, एआईयूडीएफ के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद (एजेपी) के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई शामिल हैं।
गुरुवार सुबह 7 बजे से 126 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। कई जगहों पर मतदाता मतदान केंद्रों के बाहर समय से पहले ही कतारों में खड़े हो गए। लगभग 2.5 करोड़ पंजीकृत मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। राज्य ने वोटिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए 31,490 मतदान केंद्र बनाए हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/

