Samachar Nama
×

'अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं,' भाजपा सांसद मनोज तिवारी का बड़ा आरोप

'अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं,' भाजपा सांसद मनोज तिवारी का बड़ा आरोप
'अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं,' भाजपा सांसद मनोज तिवारी का बड़ा आरोप

नई दिल्ली, 15 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा आयोजित सुंदरकांड पाठ को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल केवल चुनाव के दौरान ही हिंदू आस्था और धार्मिक आयोजनों की बात करते हैं।

मनोज तिवारी ने आईएएनएस से कहा, "अरविंद केजरीवाल 'चुनावी हिंदू' हैं। बाकी समय वे हिंदू नहीं होते। असल में, बाकी समय वे हिंदुओं और उनकी धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ होते हैं।"

उन्होंने कहा कि यदि केजरीवाल वास्तव में सुंदरकांड और हिंदू धार्मिक परंपराओं के समर्थक हैं, तो उन्हें मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "सुंदरकांड का समर्थक कभी भी मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि को मुक्त कराने का विरोध नहीं कर सकता। अरविंद केजरीवाल अगर सच में सुंदरकांड के समर्थक हैं, तो एक बार बयान दें कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मुक्त होकर, जैसे अयोध्या में राम जी का मंदिर बना, वैसा वहां बनना चाहिए। मैं इंतजार करूंगा।"

इस दौरान मनोज तिवारी ने दिल्ली के मंडोली ग्रीन एरिया में आयोजित एक वृक्षारोपण अभियान में भी हिस्सा लिया। उन्होंने पौधे लगाए और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बड़े पेड़ों के साथ-साथ छोटे पौधे भी लगाए गए हैं, ताकि पूरे क्षेत्र में हरित पट्टी विकसित की जा सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।

मनोज तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर शुरू किए गए "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत देशभर में करोड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं और लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में दिल्ली में 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

--आईएएनएस

पीआईएम/एएस

Share this story

Tags