अर्जुन तेंदुलकर की शादी में पहुंचे राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और युवराज सिंह
मुंबई, 5 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रहे सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी गुरुवार को मुंबई में होनी है। अर्जुन की शादी एंटरप्रेन्योर सानिया चंडोक के साथ हो रही है। अर्जुन और सानिया को अपना आशीर्वाद देने के लिए भारत के कई दिग्गज क्रिकेटर समारोह में पहुंच चुके हैं।
शादी समारोह में पहुंचने वाले प्रमुख नामों में पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी, पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़, महान लेग-स्पिनर अनिल कुंबले, दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह, पूर्व क्रिकेटर और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद शामिल हैं।
अर्जुन की शादी की रस्में इस हफ्ते की शुरुआत में कई पारंपरिक रस्मों और सेलिब्रेशन के साथ शुरू हुईं। मुंबई में मेहंदी और संगीत फंक्शन समेत शादी से पहले के इवेंट हुए, जिसमें कई पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर शामिल हुए थे। महीनों की तैयारियों और सेलिब्रेशन के बाद गुरुवार को अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर सानिया चंडोक से शादी करने वाले हैं।
कपल ने अगस्त 2025 में एक प्राइवेट सेरेमनी में सगाई की, जिसमें करीबी परिवार के सदस्य और दोस्त शामिल हुए थे।
अर्जुन अपने पिता की तरह क्रिकेटर हैं। वह गोवा की तरफ से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। आईपीएल में मुंबई इंडियंस के बाद अगले सीजन से पहले वह एलएसजी से जुड़ चुके हैं।
अर्जुन की मंगेतर, सानिया, मुंबई की एक एंटरप्रेन्योर हैं जो एक जाने-माने बिजनेस परिवार से हैं। वह ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन, उद्योगपति रवि घई की पोती हैं। उन्होंने पेट-केयर और एनिमल वेलफेयर क्षेत्र में अपना करियर बनाया है और वे एक वेटेरिनरी टेक्नीशियन और एंटरप्रेन्योर के तौर पर अपने काम करती हैं।
सचिन तेंदुलकर ने अर्जुन के शादी का निमंत्रण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी दिया है।
तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के शीर्ष नेताओं और उद्योगपतियों को भी शादी का निमंत्रण दिया है।
--आईएएनएस
पीएके

