आरिफ मसूद ने भाजपा को घेरा, मध्य प्रदेश के हेल्थकेयर सिस्टम की आलोचना की
भोपाल, 29 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने भाजपा के उस बयान पर पटलवार किया है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि कांग्रेस जेन-जी को भ्रमित कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सितंबर में इंदौर में एक बड़ा ‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम कर सकती है, जिसमें राहुल गांधी के आने की संभावना है। इसके साथ ही, उन्होंने राज्य के हेल्थकेयर सिस्टम की आलोचना की।
आरिफ मसूद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शिवराज सिंह चौहान का कार्यकाल नहीं दिखता, जब सरकारी कार्यक्रम के दौरान बसों में भर-भर कर लोगों को लाते थे। गांवों से सरपंच और ग्राम पंचायतों पर दबाव डालकर लोगों को सभाओं में लाते थे। आंगनबाड़ी की महिलाओं को जबरदस्ती लाते थे, वह दिन भूल गए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज जब छात्र अपने बेहतर भविष्य के लिए मांग उठा रहे हैं और उनके दुख को दूर करने के लिए राहुल गांधी ऐलान करते हैं तो भाजपा कहती है कि यह गलत हो रहा है।
‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम में राहुल गांधी के आने की संभावना पर आरिफ मसूद ने कहा कि पॉलिटिकल अफेयर्स की बैठक में तय हुआ था कि यह छात्र आंदोलन है। ऐसे में यह मूवमेंट स्टूडेंट्स के बीच उठना चाहिए। जहां छात्रों की ज्यादा संख्या हो, छात्रावास, कॉलेज और एजुकेशन हब हो तो वहीं से इसकी शुरुआत होनी चाहिए। जहां भी आयोजन होगा, बढ़िया होगा। हमारा प्रयास होगा कि बड़ी संख्या में छात्र आयोजन में पहुंचे।
रीवा के एक अस्पताल में गर्भवती महिला के वायरल वीडियो पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा, "मैंने पहले भी कई बार यह बात कही है और मुझे इसका बहुत दुख है। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के बारे में मेरी राय यह है कि पार्टी के स्तर पर हमारे वैचारिक मतभेद हैं, लेकिन व्यक्तिगत रूप से वे एक अच्छे इंसान हैं। फिर भी ऐसा लगता है कि वे अपने मंत्रालय को ठीक से संभाल नहीं पा रहे हैं। वे उपमुख्यमंत्री हैं, फिर भी ऐसी घटनाएं होती रहती हैं—कभी इंदौर के अस्पताल में, कभी जबलपुर में, कभी भोपाल में, एक बार छिंदवाड़ा में और अब दूसरी बार उनके गृह जिले रीवा में। मैं इसकी निंदा करता हूं और उनसे आग्रह करता हूं कि वे गंभीरता से अपने विभाग पर ध्यान दें और ठोस कार्रवाई करें।"
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

