VIP के आने पर ही साफ होती हैं मुंबई की सड़कें? बॉम्बे हाईकोर्ट ने BMC को लगाई फटकार, पूछा- आम लोगों को क्यों नहीं मिलती सुविधा?
मुंबई की सड़कों की सफाई और रखरखाव को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने सवाल उठाया कि जब शहर में कोई VIP या खास मेहमान आता है, तभी सड़कें साफ-सुथरी क्यों दिखाई देती हैं? आम मुंबईकरों को रोजाना ऐसी सुविधाएं क्यों नहीं मिलतीं?
दरअसल, ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट मिडलटन 16 नवंबर को मुंबई पहुंचे थे। 17 नवंबर को दोनों ने यहां आयोजित अर्थशॉट प्राइज समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने गली क्रिकेट खेला और प्रिंस विलियम इलेक्ट्रिक ऑटो चलाते हुए भी नजर आए। उनके दौरे के दौरान शहर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर भी खास तैयारी की गई थी।
हाईकोर्ट ने कहा- दो दिन का दिखावा नहीं, स्थायी व्यवस्था करें
इस मामले की सुनवाई बॉम्बे हाईकोर्ट में जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने की। सुनवाई के दौरान अदालत ने BMC की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि खास लोगों के शहर में आने पर सड़कें साफ कर दी जाती हैं, लेकिन यही व्यवस्था हमेशा क्यों नहीं बनाए रखी जाती?
कोर्ट ने कहा कि केवल दो दिनों तक सड़कों की सफाई करके दिखावा करने के बजाय नगर निगम को ऐसी स्थायी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे शहर हमेशा साफ-सुथरा रहे।
आम नागरिकों को भी मिलनी चाहिए बेहतर सुविधाएं
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि सफाई का काम केवल उन सड़कों या इलाकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, जहां से VIP गुजरते हैं। शहर के हर हिस्से में हर समय साफ-सफाई और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए।अदालत की इस टिप्पणी ने मुंबई में सड़क सफाई और नगर निगम की जिम्मेदारी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोर्ट का संदेश साफ है कि शहर की सफाई किसी खास मेहमान के दौरे तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह आम नागरिकों के लिए रोजमर्रा की व्यवस्था का हिस्सा होनी चाहिए।

