आर्चरी प्रीमियर लीग: 8 से 18 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा सीजन-2, दीपिका-अतानु समेत 36 भारतीय बिखेरेंगे चमक
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) का दूसरा सीजन हैदराबाद में 8 से 18 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। नेकलेस रोड स्थित पीपुल्स प्लाजा में भारत के शीर्ष 36 तीरंदाज, 10 अलग-अलग देशों के 12 अंतरराष्ट्रीय स्टार्स के साथ मुकाबला करेंगे।
इस संस्करण हिस्सा लेने वालीं छह टीमें चेरो आर्चर्स ऑफ झारखंड, चोला चीफ्स ऑफ तमिलनाडु, काकातिया नाइट्स ऑफ तेलंगाना, माइटी मराठाज ऑफ महाराष्ट्र, पृथ्वीराज योद्धाज ऑफ दिल्ली और राजपूताना रॉयल्स ऑफ राजस्थान हैं।
चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी और वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने वाले अतानु दास, मौजूदा एशियन चैंपियन धीरज बोम्मादेवरा के साथ घरेलू रिकर्व टीम की अगुवाई करेंगे। भारत की कंपाउंड टीम भी उतनी ही मजबूत है, जिसमें वर्ल्ड कप और एशियन गेम्स चैंपियन ज्योति सुरेखा वेन्नम और अभिषेक वर्मा शामिल हैं। इसके साथ ही पूर्व वर्ल्ड चैंपियन ओजस प्रवीण देवतले भी टीम का हिस्सा हैं।
घरेलू स्टार्स का मुकाबला अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से होगा, जिनमें तुर्की के टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन मेटे गाजोज, अमेरिका की पेरिस 2024 ब्रॉन्ज मेडलिस्ट केसी कॉफहोल्ड, ब्राजील के वर्ल्ड नंबर 1 मार्कस डी'अल्मेडा, ग्रेट ब्रिटेन की वर्ल्ड नंबर 2 एला गिब्सन और डच कंपाउंड दिग्गज माइक श्लोसेर (पूर्व वर्ल्ड चैंपियन और चार बार के वर्ल्ड कप फाइनल विजेता) शामिल हैं।
घरेलू लाइन-अप को और मजबूती देते हुए, इस महीने के आखिर में आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में जाने वाली भारतीय टीम के सभी 12 सदस्य एपीएल इकोसिस्टम का हिस्सा हैं।
वर्ल्ड आर्चरी और नेशनल रैंकिंग के आधार पर चुने गए 36 सदस्यों वाली भारतीय टीम में जाने-माने खिलाड़ियों और उभरती हुई प्रतिभाओं का मिश्रण है। इसमें 21 तीरंदाज पहले सीजन से वापस आ रहे हैं और 15 खिलाड़ी एपीएल में अपना डेब्यू कर रहे हैं।
डेब्यू करने वालों में वर्ल्ड चैंपियनशिप के सिल्वर मेडलिस्ट रजत चौहान और वर्ल्ड कप स्टेज के गोल्ड मेडलिस्ट रिद्धि के साथ-साथ वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट कुशल दलाल और जूनियर नेशनल चैंपियन कीर्ति शर्मा शामिल हैं।
तेलंगाना सरकार के सहयोग से 'आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया' (एएआई) द्वारा शुरू की गई इस छह-फ्रेंचाइजी वाली लीग में महिला और पुरुष खिलाड़ियों की मिली-जुली टीमें रिकर्व और कंपाउंड कैटेगरी में मुकाबला करेंगी।
इस लीग की एक खास बात इसका 15-सेकंड का 'शॉट क्लॉक' है, जो ओलंपिक के स्टैंडर्ड समय से पांच सेकंड कम है। इसका फॉर्मेट खिलाड़ियों की फैसला लेने की क्षमता, रफ्तार और संयम को परखने के साथ-साथ टीम प्रतियोगिता में दबाव का एक अतिरिक्त स्तर जोड़ने के लिए बनाया गया है।
मुकाबले शाम 7:30 बजे से 9:30 बजे तक खेले जाएंगे। पहले सीजन में 'राजपूताना रॉयल्स' ने ऐतिहासिक पहला खिताब जीता था, जिसके बाद टीम फिर से खिताबी जीत दोहराना चाहेगी।
कंपाउंड पुरुष (भारत): ऋषभ यादव, कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव, अभिषेक वर्मा, तिरुमुरु गणेश मणि रत्नम, ओजस प्रवीण देवतले, शिवशंकर सखाराम, अमन सैनी, रजत चौहान।
कंपाउंड पुरुष (विदेशी): माइक श्लोसेर (नीदरलैंड), मैथियास फुलरटन (डेनमार्क), निको विनर (ऑस्ट्रिया)।
कंपाउंड महिला (भारत): ज्योति सुरेखा वेन्नम, परनीत कौर, मधुरा धामनगांवकर, तनिपार्थी चिकिता, पृथिका प्रदीप, जसवीर कौर, स्वाति, राज कौर, अवनीत कौर।
कंपाउंड महिला (विदेशी): एंड्रिया माया बेसेरा अरिजागा (मेक्सिको), एला गिब्सन (ग्रेट ब्रिटेन), एलेजांद्रा उस्कियानो (कोलंबिया)।
रिकर्व पुरुष (भारत): बोम्मादेवरा धीरज, नीरज चौहान, यशदीप भोगे, अतानु दास, मृणाल चौहान, रोहित कुमार, पवन, अभ्युदय अमोल पखाले, जुएल सरकार।
रिकर्व पुरुष (विदेशी): मार्कस डी'अल्मेडा (ब्राजील), मटियास ग्रांडे (मेक्सिको), मेटे गाजोज (तुर्की)।
रिकर्व महिला (भारत): दीपिका कुमारी, कीर्ति शर्मा, कुमकुम अनिल मोहोड़, अंकिता भकत, संगीता, सिमरनजीत कौर, रिद्धि, कोंडापावुलुरी युक्ता श्री, गाथा आनंदराव खड़के।
रिकर्व महिला (विदेशी): केसी कॉफहोल्ड (यूएसए), एलेजांद्रा वालेंसिया ट्रुजिलो (मेक्सिको), एलिया कैनालेस (स्पेन)।
--आईएएनएस
आरएसजी

