आर्चरी प्रीमियर लीग: माइटी मराठा ने रोमांचक शूटऑफ में चेरो आर्चर्स को हराया
हैदराबाद, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) सीजन-2 में सोमवार को माइटी मराठा ने ज्यादातर समय पिछड़ने के बावजूद वापसी करते हुए चेरो आर्चर्स को रोमांचक शूटऑफ में शिकस्त दी।
अमन सैनी और धीरज बोम्मादेवरा ने एपीएल के खास 'हिट-या-मिस' शूटऑफ में अपने तीर 'येलो रिंग' में सटीक निशाने पर लगाए। चेरो के लिए, कंपाउंड वर्ल्ड नंबर 1 मैथियास फुलरटन ने शूटऑफ में हिट किया, लेकिन बाकी तीन तीरंदाज चूक गए। रेगुलर समय में 4-4 से ड्रॉ के बाद, टाई-ब्रेकर में मराठा ने 2-1 से जीत दर्ज की।
इस सीजन में टाई-ब्रेकर में दो मैच हार चुकी चेरो मैच की शुरुआत मजबूती से करते हुए पहला सेट अपने नाम किया, लेकिन तीरंदाजी के बेहतरीन प्रदर्शन वाले इस मुकाबले में, दूसरा और तीसरा सेट दोनों टीमों के बीच बंट गया। ज्यादा स्कोर वाला चौथा सेट भी कांटे की टक्कर वाला रहा, लेकिन कुछ करीबी तीरों के फाइनल स्कोर की जांच के बाद तनावपूर्ण पलों के बाद यह मराठा के पक्ष में गया और मैच शूटऑफ में चला गया।
सीजन की शुरुआत में कुछ हार के बाद, माइटी मराठा ने अब लगातार तीन जीत हासिल कर ली हैं और छह अंकों के साथ चेरो की बराबरी कर ली है।
चेरो के लिए, शानदार फॉर्म में चल रहे अतानु दास की जगह यशदीप भोग को चुना गया था। उन्होंने पहले सेट में दो शानदार निशाने लगाकर अपनी टीम को माइटी मराठा के खिलाफ 2-0 की बढ़त दिलाने में मदद की।
दूसरा सेट दोनों टीमों के रिकर्व स्टार्स - धीरज बोम्मादेवरा और एशियन गेम्स की डबल गोल्ड मेडलिस्ट कुमकुम मोहोद - के बीच रोमांचक मोड़ पर पहुंचा, जहां दोनों ने समय खत्म होने के साथ 9-9 का स्कोर किया। तीसरे सेट में, कुमकुम ने टारगेट फेस के सेंटर में शानदार 10 का स्कोर करके स्कोर बराबर कर दिया। चौथे सेट में बोम्मादेवरा और कुमकुम दोनों ने 10 के स्कोर के साथ शुरुआत की, लेकिन अमन सैनी के पहले तीर के स्कोर को 9 से बढ़ाकर 10 कर दिया गया, जिससे मराठा टीम को सेट के प्वाइंट मिल गए। सैनी ने मैच में 60 में से 60 का स्कोर किया और शूटऑफ में भी सफल निशाना लगाया।
मंगलवार से लीग चरण के दूसरे भाग की शुरुआत होगी, जिसके साथ सेमीफाइनल की दौड़ रोमांचक हो जाएगी। पहले मैच में, शानदार फॉर्म में चल रही चेरो आर्चर्स का मुकाबला मौजूदा चैंपियन राजपूताना रॉयल्स से होगा। दूसरे मुकाबले में पृथ्वीराज योद्धा और माइटी मराठा अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे। दिन का समापन 'सदर्न डर्बी' के साथ होगा, जिसमें काकतीय नाइट्स का मुकाबला चोल चीफ्स से होगा।
--आईएएनएस
आरएसजी

