Samachar Nama
×

अपराधियों की जगह या तो जेल में है या फिर बिहार के बाहर : मंत्री लखेंद्र पासवान

अपराधियों की जगह या तो जेल में है या फिर बिहार के बाहर : मंत्री लखेंद्र पासवान
अपराधियों की जगह या तो जेल में है या फिर बिहार के बाहर : मंत्री लखेंद्र पासवान

पटना, 30 जून (आईएएनएस)। टीईटी पेपर लीक मामले में आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी की पटना से पुलिस द्वारा गिरफ्तारी पर मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि बिहार में अपराधियों को अब राज्य से भागने पर मजबूर किया जा रहा है।

उन्होंने मंगलवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि क्या यह संभव है कि कोई महाराष्ट्र में अपराध करे या पेपर लीक में शामिल हो और फिर कानून से बचने की उम्मीद में बिहार आ जाए? यहां तक कि बिहार में अपराध करने वालों को भी राज्य छोड़ने पर मजबूर किया जा रहा है। उनकी जगह या तो जेल में है या फिर बिहार के बाहर।

लखेंद्र पासवान ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को टाइमपास नेता बताया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश के लोगों ने नकार दिया है। अब राहुल गांधी को न ही देश के संस्कार के बारे में पता है और न ही यहां की संस्कृति और सभ्यता के बारे में पता है। उनकी करनी और कथनी में बहुत अंतर है।

बिहार के भोजपुर में भरत एनकाउंटर मामले में कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, जिस पर सुनवाई होगी। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री लखेंद्र पासवान ने कहा कि अब तो इस मामले में न्यायिक जांच होगी ,पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

वहीं, लालू प्रसाद यादव के परिवार से आवास और सिक्योरिटी वापस लेने पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, जितना ड्रामा करना है, कर लें। लोकतंत्र में किसी को भी जबरदस्ती करने का कोई अधिकार नहीं है। ये लोग वही परिवार है, जिन्होंने नौकरी के बदले जमीन तक अपने नाम लिखवा ली थी। अब ये लोग सरकारी बंगले वापस करने में इतनी दिक्कत हो रही है, तो इससे यह साफ जाहिर होता है कि आज भी इन लोगों को लालच है, लेकिन सवाल यही है कि सरकारी बंगला कब तक रोककर रखोगे। आज या नहीं तो कल, छोड़ना ही होगा।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, इस मामले की एसआईटी की ओर से जांच की जा रही है। जांच होने देते हैं, इससे पहले इस पर क्या ही रिएक्ट किया जा सकता है।

मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने राहुल गांधी के संदर्भ में की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन बहुत ही ऊर्जावान और युवा नेता हैं, वो कोई भी टिप्पणी बहुत ही सोच समझकर करते हैं। हम लोगों ने कभी उन्हें अनाप शनाप बोलते हुए नहीं देखा है।

वहीं, उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का आवास वापस लिए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, संविधान से ही यह देश चलता है, सरकार चलती है। हम सभी लोग संविधान से ही बंधे हुए हैं। ऐसी स्थिति में अगर वह संविधान को ही तोड़ने पर आमादा हो चुके हैं, तो हम क्या कर सकते हैं।

इसके अलावा, मंत्री ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, इस मामले की जांच के लिए न्यायिक जांच का गठन हो चुका है, तो ऐसी स्थिति में मैं इस पर क्या ही टिप्पणी कर सकता हूं।

साथ ही तेजस्वी यादव की ओर से बिहार में कानून व्यवस्था के सवाल उठाए जाने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज कानून व्यवस्था इतनी अच्छी है कि लोग 12 बजे रात में घूम पा रहे हैं। अगर कोई गलती करता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती है।

उधर, भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी ने कहा कि आज मैं बदलते बिहार को देख रहा हूं और मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह गर्व की बात है कि पहली बार बीजेपी ने बिहार को अपना मुख्यमंत्री दिया है और तब से हर तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी

Share this story

Tags