अपनी ही सरकार पर भाजपा नेता विजय गोयल का निशाना, बोले- अफसर काम नहीं कर रहे, जनता परेशान
नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने दिल्ली में अपनी ही पार्टी की सरकार और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अफसर काम नहीं कर रहे हैं और सांसद, विधायक व पार्षद उनसे काम कराने के लिए सड़कों और गलियों में धक्के खा रहे हैं।
विजय गोयल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "क्या विडंबना है कि एमसीडी और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे और सांसद, एमएलए और कॉरपोरेटर उनसे काम करने के लिए गलियों-सड़कों के धक्के खा रहे हैं। कहीं से कूड़ा उठवा देते हैं तो लगता है बहुत बड़ा काम करवा लिया। ये नहीं देखते कि इन अफसरों के होते हुए कूड़ा होना ही क्यों था।"
उन्होंने आगे कहा कि नाली, खड़ंजा, सड़क, सीवर, बिजली और पानी जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर चुने हुए जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों से गुहार लगानी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद काम नहीं हो रहे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधियों की यह स्थिति है तो जनता की सुनवाई कौन कर रहा है।
इससे पहले विजय गोयल ने भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा से मुलाकात की जानकारी भी एक्स पर साझा की। उन्होंने बताया कि आगामी 1 सितंबर 2026 को दिल्ली विधानसभा के प्रथम अध्यक्ष और उनके पिता स्वर्गीय चरती लाल गोयल की जयंती के आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी चरती लाल गोयल हेरिटेज पार्क में सुबह 10 बजे जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिल्ली के कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में विजय गोयल ने भाजपा की नई संगठनात्मक टीम की भी सराहना करते हुए लिखा था कि पार्टी में विभिन्न दायित्व निभाने का अवसर उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहा है और नई टीम को देखकर संगठन के प्रति वही ऊर्जा और समर्पण महसूस होता है।
--आईएएनएस
डीएससी

