एपीएल: लगातार चौथी जीत के साथ टॉप पर पहुंची माइटी मराठा, नाइट्स और रॉयल्स का भी दमदार प्रदर्शन
हैदराबाद, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। हैदराबाद में चल रही आर्चरी प्रीमियर लीग (एपीएल) के दूसरे सीजन में मुकाबले अब और रोमांचक हो गए हैं। छठे दिन के खेल के बाद माइटी मराठा और काकतीय नाइट्स आठ-आठ अंकों के साथ अंक तालिका में सबसे ऊपर पहुंच गई हैं। वहीं, मौजूदा चैंपियन राजपूताना रॉयल्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को मजबूत कर लिया है।
दिन के मुकाबलों में राजपूताना रॉयल्स और काकतीय नाइट्स ने अपने-अपने विरोधियों को 6-0 से हराया। दूसरी ओर, माइटी मराठा ने पृथ्वीराज योद्धास को 6-2 से मात दी। माइटी मराठा के लिए रिकर्व स्टार धीरज बोम्मादेवरा शानदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने दबाव के क्षणों में कई बार सटीक 10 अंक वाले शॉट लगाए और टीम को मजबूती दी। उनके साथ अनुभवी तीरंदाज माइक श्लोसेर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 80 में से 78 अंक हासिल किए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मराठा और नाइट्स दोनों के आठ अंक हैं, लेकिन बेहतर सेट-प्वाइंट्स के कारण मराठा शीर्ष स्थान पर हैं।
दिन के आखिरी मुकाबले में काकतीय नाइट्स ने चोला चीफ्स को 6-0 से हराकर तालिका में सबसे नीचे पहुंचा दिया। नाइट्स के लिए निको विनर और नीरज चौहान ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों ने 60 में से 59 अंक जुटाए। स्पेन की तीरंदाज एलिया कैनालेस ने भी टीम का अच्छा साथ दिया। स्टार खिलाड़ी ज्योति सुरेखा वेन्नम की गैरमौजूदगी में अवनीत कौर ने शानदार जिम्मेदारी निभाई।
दिन के पहले मैच में राजपूताना रॉयल्स ने शानदार फॉर्म में चल रही चेरो आर्चर्स को 6-0 से हराया। लगातार तीन हार झेलने के बाद रॉयल्स ने सोमवार को वापसी की थी और अब दूसरी लगातार जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ टीम के छह अंक हो गए हैं और वह सेमीफाइनल की दौड़ में बनी हुई है। चेरो आर्चर्स के भी छह अंक हैं।
रॉयल्स की जीत की सबसे बड़ी स्टार कंपाउंड वर्ल्ड नंबर एक एला गिब्सन रहीं। उन्होंने पूरे मैच में एक भी निशाना 10 रिंग से बाहर नहीं लगाया और 60 में से पूरे 60 अंक हासिल किए। चेरो आर्चर्स ने इस मैच में कुमकुम मोहोद की जगह अमेरिकी खिलाड़ी केसी कॉफहोल्ड को मौका दिया, लेकिन उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले सेट में उनका एक शॉट 7 अंक का रहा, जिससे टीम 73-74 से पिछड़ गई। दूसरे सेट में भी रॉयल्स ने 76-75 से जीत हासिल की।
तीसरे सेट में दोनों टीमों का स्कोर 58-58 से बराबर रहा। इसके बाद अतानु दास का एक शॉट 8 अंक का रहा, जबकि रॉयल्स की ओर से पहली बार खेल रहीं संगीता ने शानदार 10 अंक जुटाए। अंत में ओलंपिक चैंपियन मेटे गाजोज ने 9 अंक का निशाना लगाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। अब बुधवार को चेरो आर्चर्स और पृथ्वीराज योद्धास के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। इसके बाद काकतीय नाइट्स और राजपूताना रॉयल्स आमने-सामने होंगे। दिन का आखिरी मुकाबला चोला चीफ्स और माइटी मराठा के बीच खेला जाएगा।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

