Samachar Nama
×

एपीजे अब्दुल कलाम को जयंती पर देशवासियों ने किया याद, गडकरी और योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

एपीजे अब्दुल कलाम को जयंती पर देशवासियों ने किया याद, गडकरी और योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
एपीजे अब्दुल कलाम को जयंती पर देशवासियों ने किया याद, गडकरी और योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के 'मिसाइल मैन' और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। इस अवसर पर कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों ने भी एपीजे अब्दुल कलाम को नमन किया है।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "देश के पूर्व राष्ट्रपति और 'भारत रत्'न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सादगी और आदर्शों से भरा परिपूर्ण जीवन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की पहचान थी। वो ज्ञान और कर्मठता के प्रतीक थे। भारत को सामर्थ्यशाली बनाने के लिए उन्होंने अपने जीवन का हर पल दिया। उनके विचार पिढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।"

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एपीजे अब्दुल कलाम को नमन करते हुए लिखा, "रक्षा व अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ ही राष्ट्र को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने में आपका योगदान अभूतपूर्व है। आपके अमूल्य विचार और आदर्श जीवन युवा पीढ़ियों का मार्ग प्रशस्त करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण व विकसित भारत के संकल्प के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा। राष्ट्र के अनमोल रत्न के चरणों में प्रणाम।"

केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने लिखा, "महान वैज्ञानिक, मिसाइल मैन, पूर्व राष्ट्रपति और 'भारत रत्न' डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर कोटिशः नमन अर्पित करता हूं। राष्ट्र उत्थान के लिए समर्पित आपका जीवन हम सभी को शिक्षित, सशक्त, समर्थ और गौरवशाली भारत के निर्माण में हरसंभव योगदान के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें 'समर्थ भारत' के स्वप्नद्रष्टा बताया। सीएम योगी ने कहा, "आपने अपने अद्भुत ज्ञान से भारत की सामरिक शक्ति को नई ऊंचाइयां प्रदान कीं और देश की रक्षा प्रणाली को अभेद्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। आपका आदर्श जीवन देश वासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।"

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "महान वैज्ञानिक, पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। राष्ट्र को आत्मनिर्भर और सामर्थ्यवान बनाने के लिए उनका वैज्ञानिक योगदान, सादगीपूर्ण जीवन, उच्च आदर्श और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा। डॉ. कलाम ने विज्ञान को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया और युवाओं में बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास जगाया। उनका जीवन राष्ट्रप्रथम की भावना, स्वावलंबन और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है।"

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें नमन किया। मोहन यादव ने लिखा, "देश को परमाणु शक्ति संपन्न एवं रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उनका योगदान अविस्मरणीय है। उनका जीवन और विचार आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देते हैं।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पोस्ट किया, "महान वैज्ञानिक और भारत के पूर्व राष्ट्रपति 'भारत रत्न' डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर कोटिशः नमन। विज्ञान व तकनीकी के क्षेत्र में आपका अतुलनीय योगदान और राष्ट्र को विकसित व आत्मनिर्भर बनाने का आपका संकल्प सदैव प्रेरणादायी है। आपका संपूर्ण जीवन कठिन परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है।"

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिखा, "भारत को परमाणु व मिसाइल तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले महान वैज्ञानिक, 'मिसाइल मैन' के नाम से विख्यात पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। सादगी, समर्पण और राष्ट्रसेवा की अद्भुत मिसाल रहा उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विकसित व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए उनके विचार और आदर्श देश की युवा पीढ़ी को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।"

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "महान वैज्ञानिक, पूर्व राष्ट्रपति, युवाओं के प्रेरणास्रोत और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। राष्ट्र निर्माण, विज्ञान एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनका अतुलनीय योगदान और विकसित भारत का स्वप्न सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।"

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लिखा, "भारत को वैज्ञानिक और रक्षा क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले महान वैज्ञानिक, 'मिसाइल मैन' और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जी की जयंती पर शत्-शत् नमन। देश के प्रति उनका समर्पण और उनके विचार सदैव हमें आगे बढ़ने की राह दिखाते रहेंगे।"

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी एपीजे अब्दुल कलाम को नमन किया। उन्होंने पोस्ट किया, "भारत को रक्षा व अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका योगदान अविस्मरणीय है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, आत्मनिर्भर व विकसित भारत का स्वप्न और युवाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देने वाले उनके विचार सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा।"

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story