Samachar Nama
×

एपेक ने क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए नया ब्लूप्रिंट जारी किया

एपेक ने क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए नया ब्लूप्रिंट जारी किया
एपेक ने क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाने के लिए नया ब्लूप्रिंट जारी किया

बीजिंग, 20 नवंबर (आईएएनएस)। एपेक कनेक्टिविटी ब्लूप्रिंट 19 नवंबर को जारी किया गया। इसमें कहा गया है कि बेहतर कनेक्टिविटी से एपेक क्षेत्र में वस्तुओं, सेवाओं, पूंजी और लोगों की आवाजाही आसान होती है। इससे विभिन्न अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक संबंध मजबूत होते हैं और लंबे समय तक आर्थिक विकास को गति मिलती है।

'एपेक पुत्रजया विजन 2040' के तहत एशिया-प्रशांत क्षेत्र के लोगों और आने वाली पीढ़ियों के लिए साझा समृद्धि हासिल करने के उद्देश्य से एक खुला, गतिशील, लचीला और शांतिपूर्ण एशिया-प्रशांत समुदाय बनाने पर जोर दिया गया है।

इस ब्लूप्रिंट में 'एपेक कनेक्टिविटी ब्लूप्रिंट (2015-2025)' की समीक्षा भी की गई है। इसमें कहा गया है कि पिछले एक दशक में इस योजना ने क्षेत्रीय संपर्क और सहयोग को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। हालांकि, नए रुझानों और बदलती जरूरतों के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र में कनेक्टिविटी का स्वरूप भी बदल रहा है। ऐसे में सभी अर्थव्यवस्थाओं से एक ऐसे एशिया-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया गया है, जहां संपर्क व्यवस्था निर्बाध, व्यापक और एक-दूसरे से जुड़ी हो।

ब्लूप्रिंट में कनेक्टिविटी के तीन प्रमुख स्तंभ तय किए गए हैं। इनमें हार्ड कनेक्टिविटी, सॉफ्ट कनेक्टिविटी और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। इन तीनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं।

हार्ड कनेक्टिविटी के तहत आधुनिक तकनीक और नवाचार की मदद से उच्च गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे का निर्माण, रखरखाव और उन्नयन करने पर जोर दिया गया है। इसके साथ ही, सड़क, रेल, समुद्री और हवाई संपर्क को मजबूत बनाने की बात कही गई है, ताकि क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था बेहतर हो सके। इसके अलावा, आपसी लाभ और व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा बुनियादी ढांचे, ऊर्जा परिवहन और व्यापार से जुड़े संपर्क बढ़ाने का लक्ष्य भी रखा गया है।

वहीं, सॉफ्ट कनेक्टिविटी के तहत संस्थागत बाधाओं को कम करने और व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया गया है, ताकि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग और गहरा हो सके। इसके लिए तकनीक और नवाचार के इस्तेमाल, सीमा शुल्क विभागों के बीच बेहतर तालमेल, प्रभावी जांच व्यवस्था, जोखिम प्रबंधन और सामान की निकासी की प्रक्रिया को आसान बनाने पर जोर दिया गया है। साथ ही, कारोबारी माहौल को अधिक अनुकूल और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए जरूरी सुधार करने तथा अनावश्यक नियमों और प्रक्रियाओं का बोझ कम करने की बात कही गई है। इसके अलावा, समान हित वाले क्षेत्रों में तकनीकी मानकों को लेकर आपसी बातचीत और सहयोग बढ़ाने का लक्ष्य भी शामिल है।

तीसरे स्तंभ यानी लोगों के बीच संपर्क के तहत व्यापारियों और आम लोगों की आवाजाही आसान बनाने पर जोर दिया गया है। इसके लिए शिक्षा, पर्यटन, मानव संसाधन विकास और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है। साथ ही, एपेक बिजनेस ट्रैवल कार्ड के इस्तेमाल को बढ़ावा देने और इसके पूर्ण सदस्य देशों को एपेक वर्चुअल बिजनेस ट्रैवल कार्ड स्वीकार करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसके अलावा, शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास के क्षेत्र में आदान-प्रदान बढ़ाने के साथ वैज्ञानिक शोधकर्ताओं की आवाजाही आसान बनाने और उनके निरंतर सीखने के अवसरों को समर्थन देने का लक्ष्य रखा गया है।

ब्लूप्रिंट में इन लक्ष्यों को लागू करने के लिए सभी अर्थव्यवस्थाओं को अपनी परिस्थितियों के अनुसार मौजूदा एपेक कार्य तंत्रों के माध्यम से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। इसके साथ ही, संबंधित पक्षों के बीच विभिन्न तंत्रों के माध्यम से सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

इसके अलावा, ब्लूप्रिंट के मुताबिक, 2027 से 2030 तक वरिष्ठ अधिकारी हर साल होने वाली बैठकों में इसकी प्रगति और कार्यान्वयन पर विस्तार से चर्चा करेंगे। एपेक सचिवालय से भी अनुरोध किया गया है कि वह वरिष्ठ अधिकारियों की बैठकों में संबंधित तंत्रों और उनके उप-तंत्रों की ओर से उठाए गए कदमों और शुरू की गई पहलों की रिपोर्ट पेश करे। वहीं, सभी अर्थव्यवस्थाओं को अपनी प्रगति की जानकारी देने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags