अंतरराष्ट्रीय मंच पर कपड़े उतारकर 'नागिन डांस' करना कांग्रेस की हताशा का प्रमाण: तरुण चुघ
नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। इंडिया एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने कहा कि जब भी भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छूता है, कांग्रेस शोकगीत गाने लगती है और देश की उपलब्धियों को बदनाम करने की कोशिश करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस बार-बार देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। तरुण चुघ ने आईएएनएस से कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर कपड़े उतारकर 'नागिन डांस' करना और भारत विरोधी नारे लगाना कांग्रेस की हताशा और निराशा का स्पष्ट प्रमाण है।
उनके अनुसार यह देश की प्रगति से जलन का परिणाम है और इस तरह की गतिविधियां राष्ट्रविरोधी कृत्य हैं, जिन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी इस घटना की आलोचना करते हुए कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए।
इसी मुद्दे पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन स्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्वेच्छा से विरोध में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि देश इस वैश्विक एआई समिट पर गर्व करता है और यह आयोजन आने वाले समय में देश को करोड़ों का आर्थिक लाभ और हजारों रोजगार प्रदान करेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि समिट के दौरान विरोध प्रदर्शन कर राहुल गांधी ने अपनी राजनीतिक निराशा जाहिर की है। भाजपा नेताओं के इन बयानों के साथ एआई समिट से जुड़ा राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
वहीं, पटना में इनकम टैक्स गोलंबर के पास भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जलाया।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी

