Samachar Nama
×

अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी पर तंज, 'देश लोकतंत्र से चलता है, भीड़तंत्र से नहीं'

अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी पर तंज, 'देश लोकतंत्र से चलता है, भीड़तंत्र से नहीं'
अन्नपूर्णा देवी का राहुल गांधी पर तंज, 'देश लोकतंत्र से चलता है, भीड़तंत्र से नहीं'

रांची, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलता है, भीड़तंत्र से नहीं। उन्होंने विपक्ष के हालिया विरोध-प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस तरह के आंदोलनों के जरिए देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।

रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि देश की जनता यह देख और समझ रही है कि विपक्ष किस तरह की राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता विदेशी हस्तक्षेप के जरिए देश की प्रगति में बाधा डालने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर देश का प्रभाव बढ़ रहा है। राहुल गांधी इस विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और अलग-अलग मुद्दों को उठाकर बाधाएं पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष के विरोध का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष को जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध-प्रदर्शनों के नाम पर भीड़तंत्र को बढ़ावा देकर लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। दबाव बनाकर या जबरदस्ती करके किसी भी उद्देश्य को हासिल नहीं किया जा सकता। राहुल गांधी और विपक्ष की ऐसी कोशिशें सफल नहीं होंगी।

अन्नपूर्णा देवी ने पड़ोसी देशों में हो रही घटनाओं का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अशांति पैदा करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और प्रधानमंत्री मोदी पर जनता का विश्वास है। प्रधानमंत्री ने जनता के सहयोग से विभिन्न संकटों का सामना किया है और समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया है। देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और विरोध-प्रदर्शनों के जरिए इसमें बाधा डालने की कोशिशें सफल नहीं होंगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम

Share this story