Samachar Nama
×

अन्नपूर्णा भंडार स्कीम विवाद: भाजपा नेता ने कहा- 'टीएमसी चुप रहे, उसके लिए यही मंगल होगा'

कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना पर राजनीतिक घमासान मचा है। तृणमूल कांग्रेस के आरोपों के बाद भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टीएमसी इस विषय पर चुप रहेगी, तो उनके लिए मंगल होगा।
अन्नपूर्णा भंडार स्कीम विवाद: भाजपा नेता ने कहा- 'टीएमसी चुप रहे, उसके लिए यही मंगल होगा'

कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा भंडार योजना पर राजनीतिक घमासान मचा है। तृणमूल कांग्रेस के आरोपों के बाद भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि टीएमसी इस विषय पर चुप रहेगी, तो उनके लिए मंगल होगा।

भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "टीएमसी का अन्नपूर्णा भंडार स्कीम पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। जिस पार्टी ने 'लक्ष्मी भंडार' का नाम रखकर योजना का फायदा घुसपैठियों को दिया।"

उन्होंने आरोप लगाया कि बहुत जगह पर पुरुषों को भी टीएमसी सरकार ने योजना का फायदा दिया। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार उन सभी की छानबीन कर रही है। जिसने जनता के पैसे को इस तरह चोरी किया है, उन सभी को हिरासत में लिया जाएगा। इसलिए टीएमसी इस विषय पर चुप रहेगी, तो उनके लिए मंगल होगा।"

नई भाजपा सरकार ने पिछली सरकार के समय लगभग 30 लाख अवैध लाभार्थी शामिल किए जाने का हवाला दिया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई लक्ष्मी भंडार योजना के तहत लगभग 30 लाख अवैध लाभार्थियों को मासिक राशि मिल रही थी। इसके साथ ही, योजना के लिए नई आवेदन प्रक्रिया शुरू गई है।

हालांकि, नई आवेदन प्रक्रिया में 12 पन्नों के फॉर्म को लेकर तृणमूल कांग्रेस हमलावर है। टीएमसी ने आरोप लगाए कि सरकार अन्नपूर्णा भंडार के लाभार्थियों की संख्या कम करना चाह रही है।

वहीं, बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के मुद्दे पर भाजपा नेता ने कहा, "सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि बांग्लादेशी नागरिकों को अपने देश वापस लौट जाना चाहिए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इसलिए बहुत सारे लोग बांग्लादेश वापस जा रहे हैं। कुछ लोग बांग्लादेशी बॉर्डर न जाकर अन्य राज्यों में घुस रहे हैं। हालांकि, हम उन सभी लोगों को चुन-चुनकर बांग्लादेश वापस भेजने का काम करेंगे।"

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार भारत को बांग्लादेशी मुसलमान या रोहिंग्याओं से मुक्त कराने के प्रयास कर रही है। इसी तरह का प्रयोग पूरे देश में होगा, जिसका ऐलान केंद्रीय गृह मंत्री कर चुके हैं।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags