Samachar Nama
×

अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, तीन के घरों की संपत्ति कुर्क

अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, तीन के घरों की संपत्ति कुर्क
अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा, तीन के घरों की संपत्ति कुर्क

शामली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने फरार शूटर आर्यन संधू, सत्यम कादयान और गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू के घरों की संपत्ति कुर्क की। कार्रवाई के बाद पुलिस टीम जब्त सामान लेकर शामली लौट आई।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें पांच राज्यों में कार्रवाई कर रही हैं, लेकिन अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।

मामला 26 अगस्त का है। शाम के समय शामली शहर के आर्यपुरी इलाके में जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसी रात गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया की ओर से इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।

इसके बाद 31 अगस्त की सुबह शामली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शूटर मोहित और सुमित को मार गिराया था। दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। मामले में फरार राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, आर्यन संधू और सत्यम कादयान पर पुलिस ने एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

आरोपियों के नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा-82 के तहत उनके घरों पर कुर्की से पहले नोटिस चस्पा किया और उन्हें भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई की। इसके बाद अदालत ने उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया।

सीओ जितेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें रविवार को हरियाणा भेजी गईं। एक टीम सोनीपत जिले के मुरथल थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर तुर्क में राहुल उर्फ भोलू के घर पहुंची। पुलिस ने वहां से एक डबल बेड, सेफ, वॉशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी और जिम का सामान समेत अन्य सामान जब्त किया।

दूसरी टीम करनाल के सिटी थाना क्षेत्र के कालंदरी गेट स्थित सोमला जाटान मोहल्ले में आर्यन संधू के घर पहुंची। पुलिस ने वहां से सेफ, वॉशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी, इन्वर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान जब्त किया।

इसके बाद पुलिस टीम करनाल में ही सत्यम कादयान के घर पहुंची। वहां से सेफ, बेड, जिम का सामान, सोफा, डाइनिंग टेबल और अन्य कुर्की योग्य सामान जब्त किए गए।

तीनों आरोपियों के घरों से लाखों रुपए का सामान जब्त करने के बाद पुलिस की टीमें शामली लौट आईं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपियों की संपत्ति कुर्क की गई है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags