Samachar Nama
×

अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानपुर कोर्ट में शिकायत, 12 मिनट में शो छोड़ने का आरोप

अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानपुर कोर्ट में शिकायत, 12 मिनट में शो छोड़ने का आरोप
अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानपुर कोर्ट में शिकायत, 12 मिनट में शो छोड़ने का आरोप

कानपुर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानपुर की एसीजेएम-5 अदालत में एक इवेंट के समझौते का कथित उल्लंघन करने को लेकर आपराधिक शिकायत दाखिल की गई है। शिकायतकर्ता और इवेंट आयोजक अमन निगम का आरोप है कि 15 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में अंजलि अरोड़ा को निर्धारित समय तक परफॉर्म करना था, लेकिन वह करीब 12 मिनट तक प्रस्तुति देने के बाद ही चली गईं। आयोजकों ने इसे जानबूझकर किया गया व्यवहार बताते हुए धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। वहीं, अंजलि अरोड़ा ने कार्यक्रम के बाद होटल में लोगों के घुसने को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं। अदालत ने इस मामले में शिकायतकर्ता के बयान दर्ज करने के लिए अगली तारीख 5 नवंबर तय की है।

आयोजक अमन निगम ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान अंजलि अरोड़ा की प्रतिक्रिया के बाद उन्होंने कानपुर को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आयोजक अब कानूनी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं और मामला अदालत में पहुंच चुका है। निगम ने कहा कि उन्हें अपनी कानूनी टीम और प्रशासन पर भरोसा है और आगे जो भी फैसला होगा, वह अदालत की प्रक्रिया के अनुसार होगा। निगम ने अंजलि अरोड़ा के उस कथित बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें कानपुर में सेलिब्रिटी के आने को लेकर सवाल उठाए गए थे। उन्होंने कहा कि उनके कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिस तरह की तस्वीर पेश की गई, वह सही नहीं है। उन्होंने कानपुर के लोगों का समर्थन करने के लिए आभार जताया और अंजलि अरोड़ा से अपनी गलती स्वीकार करने की अपील की।

अमन निगम ने अंजलि अरोड़ा की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि आयोजकों के पास वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। गाड़ी उपलब्ध न होने के आरोप पर निगम ने कहा कि उनके पास वाहन की व्यवस्था होने का वीडियो भी है। अंजलि अरोड़ा को रात नौ बजे तक मंच पर पहुंचना था, लेकिन वह कथित तौर पर रात 9:45 बजे तक होटल से निकलीं। कार्यक्रम में देरी और मंच पर उनके व्यवहार से जुड़ी सामग्री अदालत में पेश की जाएगी।

आयोजक ने बताया कि अंजलि अरोड़ा के साथ तीन लाख रुपये में कार्यक्रम को लेकर बातचीत तय हुई थी। इसके अलावा हवाई टिकट, होटल के कमरे और आने-जाने के लिए पांच गाड़ियों की व्यवस्था भी की गई थी। उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारी में उनकी ओर से कोई कमी नहीं रखी गई।

शिकायतकर्ता के वकील करीम अहमद ने बताया कि 22 अक्टूबर को स्वरूपनगर थाने के अध्यक्ष को आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। इसके बाद 24 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत दी गई और मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर भी आवेदन अपलोड किया गया। कहीं से एफआईआर दर्ज नहीं होने के बाद उन्हें अदालत में आपराधिक परिवाद दाखिल करना पड़ा। शिकायत अदालत में दर्ज हो चुकी है और 5 नवंबर को बयान की तारीख तय की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंजलि अरोड़ा और उनकी टीम ने जानबूझकर धोखा देने की नीयत से ऐसा व्यवहार किया। कार्यक्रम लाजपत भवन में आयोजित था और होटल से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में लगभग दस मिनट लगते हैं। उन्होंने दावा किया कि अंजलि अरोड़ा शाम छह बजे होटल पहुंच गई थीं, लेकिन निर्धारित समय पर मंच पर नहीं पहुंचीं।

वकील ने कहा कि कार्यक्रम पर करीब 18 से 20 लाख रुपए खर्च किए गए थे। अंजलि अरोड़ा को बुलाने के लिए तीन लाख रुपए, चार-पांच लोगों के हवाई टिकट और वाहन की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आयोजकों ने इतने बड़े कार्यक्रम की व्यवस्था की, तो क्या वे गाड़ी उपलब्ध कराने में लापरवाही करते? वकील ने अंजलि अरोड़ा के आरोपों को निराधार और अतार्किक बताया।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story

Tags