अनिक दत्ता के निधन पर अग्निमित्रा पॉल का टीएमसी पर फूटा गुस्सा, बोलीं-ममता बनर्जी की मानसिकता घटिया
कोलकाता, 29 मई (आईएएनएस)। बंगाली फिल्मों के मशहूर फिल्ममेकर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अनिक दत्ता के निधन पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकार करना मुश्किल है कि वह हमारे बीच नहीं हैं।
फिल्ममेकर अनिक दत्ता का पार्थिव शरीर शुक्रवार को नंदन लाया गया, जहां बंगाली फिल्म जगत के सदस्य, राजनेता और प्रशंसक इस निर्देशक को अंतिम विदाई देने के लिए एकत्रित हुए।
आईएएनएस से बातचीत में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अनिक दा बहुत ही प्रतिभाशाली निर्देशक थे। उनकी फिल्में न सिर्फ सुपरहिट थीं, बल्कि प्रतिभा और गुणवत्ता के मामले में भी बहुत बेहतरीन थीं। आज हमने ऐसे ही एक निर्देशक को खो दिया है। वे सिर्फ निर्देशक ही नहीं, बल्कि हमारे पारिवारिक मित्र भी थे। हमारे लिए यह स्वीकार करना बहुत मुश्किल है कि अनिक दा अब हमारे बीच नहीं रहे।
उन्होंने पूर्व की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने ही यह सब किया है। यह बहुत दुख की बात है कि बदले की राजनीति करते हुए उनकी फिल्मों को दिखाए जाने की अनुमति नहीं दी गई और जिन्होंने उनके साथ काम किया था, सायनी घोष जो आज तृणमूल की सदस्य हैं, उन्हें अंतिम संस्कार में नहीं देखा गया। यह बहुत दुखद है। अगर हम अंतिम संस्कार में सम्मान दिखाते, तो इससे क्या फर्क पड़ जाता है कि हम किसी भी दल में रहें।
ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ममता बनर्जी की मानसिकता बहुत ही घटिया और निंदनीय है। मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहती, क्योंकि मैं एक मंत्री हूं लेकिन मुझे यह कहने पर मजबूर होना पड़ रहा है कि ऐसी मानसिकता नहीं होनी चाहिए। टीएमसी पार्टी, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का पाखंड अब बेनकाब हो चुका है।
भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि यह बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। वह राष्ट्रीय स्तर पर जाने-माने फिल्ममेकर और एक बेहतरीन इंसान थे। इस मुश्किल समय में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। हम पूरी ईमानदारी से उम्मीद करते हैं कि हमें अब ऐसी कोई और दुखद और असमय मृत्यु न देखनी पड़े।
फिल्म निर्माता अनिक दत्ता की बुधवार को कोलकाता के हिंदुस्तान पार्क इलाके में स्थित घर की छत से गिरने के बाद मौत हो गई थी।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

