टीवी रिमोट को लेकर दंपति के बीच हुई ऐसी बहस की गुस्साई पत्नी ने कर ली आत्महत्या, पुलिस जांच शुरू

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां देर रात टीवी रिमोट को लेकर दंपत्ति के बीच जमकर बहस हुई। नाराज पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगा ली। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह गोवा में हुआ एक प्रेम विवाह था
पुलिस का यह भी कहना है कि एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मौत उसके पति के कथित उत्पीड़न के कारण हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला और उसके पति ने छह महीने पहले अपने परिवारों की सहमति से गोवा में प्रेम विवाह किया था।
मृतक महिला की मां ने लगाए कई गंभीर आरोप
पुलिस ने बताया कि महिला की मां ने अपनी शिकायत में अपने दामाद पर आरोप लगाया है कि वह उनकी बेटी पर उसके नाम पर पंजीकृत मकान का मालिकाना हक लेने के लिए दबाव डाल रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने आत्महत्या कर ली क्योंकि वह उत्पीड़न सहन नहीं कर सकी।
रात में टीवी के रिमोट को लेकर दोनों के बीच बहस हुई
पुलिस ने बताया कि महिला और उसका पति दोनों एक ही सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे। वे एक दूसरे को पिछले दो वर्षों से जानते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात को पति-पत्नी के बीच टीवी रिमोट को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पति घर से चला गया।
महिला ने कमरे में फांसी लगा ली
रायदुर्गम पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अगली सुबह जब वह वापस लौटा तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया। पत्नी ने अपने कमरे में फांसी लगा ली थी। इस बीच, महिला के परिवार के सदस्यों ने मीडिया को बताया कि उसका पति उसे अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान कर रहा था।