आंध्र प्रदेश स्कूल में छात्रा पर चेनसॉ से हमले को लेकर जगन मोहन रेड्डी ने सरकार पर साधा निशाना
अमरावती, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा पर चेनसॉ से हुए हमले को लेकर वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने राज्य की टीडीपी गठबंधन सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने घटना को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति के पूरी तरह चरमराने का उदाहरण बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राप्ताडु जिला परिषद हाई स्कूल की कक्षा में घुसकर एक छात्रा पर चेनसॉ से किया गया बर्बर हमला टीडीपी गठबंधन सरकार के 'जंगल राज' को उजागर करता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कोई हमलावर सरकारी स्कूल में इतनी आसानी से कैसे घुस सकता है और एक मासूम छात्रा पर बेरहमी से हमला कर सकता है? यह घटना शैक्षणिक संस्थानों के भीतर भी बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सरकार की लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने हमले के दौरान छात्रा को बचाने की कोशिश में घायल हुई दूसरी छात्रा का भी जिक्र किया।
वाईएसआरसीपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि जब शासन की प्राथमिकता राजनीतिक प्रतिशोध और 'रेड बुक' के जरिए शासन करने पर केंद्रित हो जाती है, तो अपराधियों में कानून का डर खत्म हो जाता है। उन्होंने मांग की कि घायल छात्राओं को तत्काल सर्वोत्तम आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके परिवारों को भरोसे में लिया जाए। साथ ही, हमलावर को तुरंत गिरफ्तार कर पारदर्शी जांच के जरिए न्याय के दायरे में लाने की मांग की।
जगन मोहन रेड्डी ने आंध्र प्रदेश के सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करने और इस घटना के लिए मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तथा नारा लोकेश की जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
गौरतलब है कि शनिवार को राप्ताडु स्थित जिला परिषद हाई स्कूल में एक व्यक्ति ने दसवीं कक्षा की छात्रा पर चेनसॉ से हमला कर दिया था। हमले में छात्रा के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं। उसकी गर्दन और पेट पर गहरे घाव हुए, जबकि उसका दाहिना हाथ लगभग कट गया था। हमले के दौरान उसे बचाने की कोशिश करने वाली एक अन्य छात्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों से बात कर घायल छात्राओं के इलाज की जानकारी ली और चिकित्सा टीम को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस को हमलावर की तलाश कर जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आदेश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने घायल छात्रा की मां से फोन पर बात कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता का भरोसा दिलाया। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी का घायल छात्रा से पहले से कोई परिचय था या नहीं।
--आईएएनएस
डीएससी

