Samachar Nama
×

Andhra Pradesh: छात्रा पर चेनसॉ से हमला करने वाले आरोपी का पुलिस एनकाउंटर, भागने की कोशिश में चलीं 6 गोलियां

Andhra Pradesh: छात्रा पर चेनसॉ से हमला करने वाले आरोपी का पुलिस एनकाउंटर, भागने की कोशिश में चलीं 6 गोलियां

आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में 10वीं की छात्रा पर बिजली से चलने वाली आरी (पावर चेनसॉ) से हमला करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार रात गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटना का सीन रिक्रिएशन कराने के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला कर दिया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को रोकने के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। इस दौरान कुल छह राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्कूल की क्लास में छात्रा पर किया था हमला

यह घटना शनिवार को अनंतपुर जिले में हुई थी। यहां स्कूल की कक्षा के अंदर 10वीं की छात्रा पर आरोपी ने पावर चेनसॉ से हमला कर दिया था। हमले में छात्रा का दायां हाथ कट गया, जबकि उसके चेहरे, गर्दन और कान पर भी गंभीर चोटें आईं।

बचाने पहुंची दूसरी छात्रा भी घायल

हमले के दौरान एक अन्य छात्रा पीड़िता को बचाने के लिए आगे आई थी। इस दौरान वह भी घायल हो गई। घटना के बाद दोनों छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

सीन रिक्रिएशन के दौरान भागने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना से जुड़े स्थान पर सीन रिक्रिएशन के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। पुलिस ने उसे रोकने के लिए पहले काबू करने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर आत्मरक्षा में गोली चलाई। फायरिंग में घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है।

Share this story

Tags