आनंद मोहन मामले में मीसा भारती बोलीं- जिनकी मदद की, उन्होंने ही पीठ में खंजर भोंका
पटना, 26 नवंबर (आईएएनएस)। पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने उन्हें कृष्णैया हत्याकांड में एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया, जिसमें आनंद मोहन को समय से पहले रिहा किया गया था।
इस फैसले पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने आईएएनएस से बात करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "जब बिहार की सत्ताधारी पार्टी को आनंद मोहन की जरूरत थी, तब उन्होंने इनके साथ समझौता कर लिया था। अब जब उनका मकसद पूरा हो गया है और उन्हें लगता है कि इन लोगों की वजह से उनकी सरकार की बदनामी हो रही है, तो उन्हें अब इनकी जरूरत नहीं है।"
मीसा भारती ने कहा, "इसलिए जैसे दूध से मक्खी निकाल दी जाती है, वैसे ही आज उनकी पार्टी के लोगों ने इन्हें दूध से मक्खी की तरह निकाल दिया है।"
उन्होंने कहा कि चूंकि दोनों मामले कोर्ट के सामने हैं, इसलिए न्यायिक मामलों पर टिप्पणी करना मेरे लिए उचित नहीं होगा, लेकिन मैं एक बात जरूर कहना चाहूंगी। विधानसभा में तेजस्वी का भाषण याद कीजिए। उन्होंने कहा था कि एक दिन वो समय आएगा, जब तेजस्वी आएगा। प्रकृति का नियम है कि कर्मा घूमकर वापस आता है। जिन लोगों ने आपकी मदद की। जब आप जेल में थे तो उस दुख की घड़ी में जिस दल ने आपके बेटे और पत्नी का साथ दिया। राष्ट्रीय जनता दल की आपको जरूरत थी और उसने जिताया। आपने उसके पीठ में खंजर भोंकने का काम किया। ऐसे में यह कहीं न कहीं कर्मा है, जो घूमकर सामने आ रहा है।"
आनंद मोहन को गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हुई थी। उन्हें समय से पहले रिहा कर दिया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने अब इस रिहाई को अवैध बताते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

