Samachar Nama
×

अनाधिकारिक टेस्ट: सुदर्शन-जुरेल ने लगाए शतक, भारत-ए की पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित

अनाधिकारिक टेस्ट: सुदर्शन-जुरेल ने लगाए शतक, भारत-ए की पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित
अनाधिकारिक टेस्ट: सुदर्शन-जुरेल ने लगाए शतक, भारत-ए की पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित

गाले, 26 जून (आईएएनएस)। भारत-ए ने श्रीलंका-ए के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित की। इस पारी में भारत की तरफ से कप्तान ध्रुव जुरेल और साईं सुदर्शन ने शतक लगाए।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही। साईं सुदर्शन ने आयुष पांडे के साथ 23 ओवरों में 82 रन की साझेदारी की। आयुष 3 चौकों के साथ 25 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल मैदान पर उतरे, लेकिन सिर्फ 7 गेंदों का ही सामना कर सके, जिसमें 1 छक्के और 1 चौके के साथ 12 रन बनाए।

भारतीय टीम ने 96 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। यहां से साईं सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

गायकवाड़ 53 गेंदों में 1 चौके के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुदर्शन ने ध्रुव जुरेल के साथ चौथे विकेट के लिए 35 रन जुटाए। भारत-ए टीम को सुदर्शन के रूप में चौथा झटका लगा, जो 132 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस पारी में सुदर्शन ने 175 गेंदों का सामना किया, जिसमें 19 चौके लगाए।

यहां से कप्तान जुरेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने शेख रशीद के साथ पांचवें विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी की। रशीद 5 चौकों के साथ 63 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जुरेल ने हर्ष दुबे के साथ छठे विकेट के लिए 86 रन जुटाए। दुबे ने 30 रन का योगदान टीम के खाते में दिया, जबकि जुरेल 215 गेंदों में 13 चौकों और 1 छक्के के साथ 141 रन बनाकर नाबाद रहे। मुकाबले के दूसरे दिन भारत-ए ने अपनी पहली पारी 452/6 के स्कोर पर घोषित की।

श्रीलंका-ए की तरफ से चमिका गुणासेकरा ने 86 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि दिलुम सुदीरा ने 118 रन देकर 2 विकेट निकाले। रविंदु फर्नांडो को 1 विकेट हाथ लगा।

भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच इस अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज में कुल 2 मैच खेले जाने हैं। अगला मुकाबला इसी मैदान पर 2 जुलाई से शुरू होगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags