अनाधिकारिक टी20 सीरीज: फ्लिंटॉफ का 'चौका', ऑस्टेलिया-ए ने भारतीय महिला टीम को 6 विकेट से हराया
न्यू चंडीगढ़, 12 सितंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया-ए की महिला टीम ने भारत-ए के खिलाफ शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए पहले अनाधिकारिक टी20 मुकाबले को 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने 3 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज के शेष मुकाबले 15 और 17 सितंबर को खेले जाने हैं।
शनिवार को टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम 19 ओवरों में 117 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम ने 4 के स्कोर पर दिनेश वृंदा (1) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद शिप्रा शर्मा ने कप्तान अनुष्का शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 13 रन जुटाए।
टीम ने 17 के स्कोर पर अनुष्का (6) का विकेट भी गंवा दिया। यहां से शिप्रा ने तेजल हसबनीस के साथ तीसरे विकेट के लिए 15 रन जुटाए। तेजल 15 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शिप्रा ने 17 रन की पारी खेली।
इनके अलावा, मिनु मणि ने 23 रन और सयाली सतघारे ने 16 रन की नाबाद पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस फ्लिंटॉफ ने 4 ओवरों में 13 रन देकर 4 विकेट निकाले, जबकि मिली इलिंगवर्थ और सियाना जिंजर ने 2-2 विकेट चटकाए। डार्सी ब्राउन और चार्ली नॉट को 1-1 विकेट हाथ लगा।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 14 ओवरों में 4 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ताहलिया विल्सन ने रेशल ट्रेनामन के साथ पहले विकेट के लिए 21 रन की साझेदारी की। रेशल 11 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद ताहलिया ने टीम के खाते में 22 रन का योगदान दिया।
मेहमानों को 36 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। इसके बाद केटी मैक ने चार्ली नॉट के साथ तीसरे विकेट के लिए 43 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया। केटी 15 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुईं और फिर चार्ली नॉट ने 35 रन और अनिका लीरॉयड ने 33 रन जोड़कर टीम को आसान जीत दिलाई। भारतीय टीम के लिए कप्तान अनुष्का शर्मा ने 2 ओवरों में 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि जिंतिमानि कलिता ने 2 ओवरों में 14 रन देकर 1 विकेट झटका।
--आईएएनएस
आरएसजी

