अमृतसर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 आरोपी गिरफ्तार, 14 अत्याधुनिक पिस्तौल और 20 किलो हेरोइन बरामद
अमृतसर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 अत्याधुनिक पिस्तौल और 20 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पंजाब पुलिस के डीजीपी कार्यालय की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई को अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस हैंडलर की मदद से अवैध हथियारों की खेप मंगवाई जाती थी और फिर उन्हें संगठित नेटवर्क के जरिए आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कार्यप्रणाली, हथियारों की सप्लाई के स्रोत और आरोपियों के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
इस मामले में घरिंडा और कथूनंगल पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस की ओर से आरोपियों से पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। जांच का मुख्य उद्देश्य हथियारों और हेरोइन की सप्लाई के पीछे सक्रिय लोगों तक पहुंचना तथा नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाना है।
पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में अवैध हथियारों, नशा तस्करी और संगठित अपराध के नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अमृतसर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिलने की उम्मीद है।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, हथियारों के स्रोत और हेरोइन की सप्लाई के संबंध में पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
वहीं, पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने 'एक्स' पोस्ट में कहा कि पंजाब को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए अवैध हथियारों, नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
--आईएएनएस
डीसीएच/

