अमृतसर में बड़ी कार्रवाई : 5 किलो आईसीई ड्रग और 3 विदेशी पिस्तौल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अमृतसर, 9 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग, अमृतसर को सीमा पार से संचालित ड्रग्स और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 किलोग्राम आईसीई (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) और तीन अत्याधुनिक विदेश निर्मित पिस्तौल सहित मैगजीन बरामद की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेश में बैठे तस्करों के साथ मिलकर संचालित किया जा रहा था। उन्हें आरोपियों के माध्यम से ड्रग्स और हथियारों की खेप प्राप्त कर आगे विभिन्न सहयोगियों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय संगठित तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।
इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर थाने में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क के आगे और पीछे के लिंक खंगालने, अन्य संदिग्धों की पहचान करने तथा अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े व्यापक गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हैं।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में नशा और अवैध हथियारों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य पंजाब को सुरक्षित, संरक्षित और नशामुक्त राज्य बनाना है।
इससे पहले 7 सितंबर को भी पंजाब डीजीपी ने बताया था कि पंजाब पुलिस को सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 अवैध पिस्तौल और 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये आरोपी सीमा पार से भेजी गई अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे और निर्देशानुसार उन्हें आगे सप्लाई करते थे। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह नेटवर्क सीमा पार संचालित एक बड़े तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है।
इस संबंध में पुलिस थाना घरिंडा में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि नेटवर्क के आगे और पीछे के सभी संपर्कों का पता लगाया जा सके, इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके, और अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

