अमृत भारत स्टेशन योजना से यूपी में कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा : केशव मौर्य
लखनऊ, 17 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण और अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस के शुभारंभ को भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सात आधुनिक रेलवे स्टेशन प्रदेश के विकास, कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण तथा अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केवल भवनों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराने का व्यापक अभियान है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ऐशबाग, विंध्याचल, फतेहपुर, पनकी धाम, मोदीनगर, शामली और धामपुर रेलवे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप प्रदेश के विकास को नई गति देगा।
इन स्टेशनों पर विकसित अत्याधुनिक सुविधाओं से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए भी बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को स्थानीय संस्कृति, विरासत और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में इन स्टेशनों के विकसित होने से कनेक्टिविटी के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने अमृतसर-वाराणसी एक्सप्रेस ट्रेन के शुभारंभ का स्वागत करते हुए कहा कि यह नई रेल सेवा देश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क को और मजबूत बनाएगी। इससे यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क, रेल, हवाई और जल परिवहन सहित सभी क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हो रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मजबूत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा भारतीय रेलवे इस परिवर्तन की प्रमुख आधारशिला बन रही है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित होने वाले राज्यों में शामिल हो चुका है। रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे आधारभूत विकास कार्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने आधुनिक रेलवे स्टेशन और बेहतर रेल सेवाएं देशवासियों को समर्पित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
-- आईएएनएस
विकेटी/वीसी

