अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर फैंस ने की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना
मुंबई, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन के 84वें जन्मदिन के मौके पर उनके घर के बाहर फैंस का जमावड़ा लगा और उन्हें बर्थडे विश किया। किसी ने उन्हें अपना भगवान बताया, तो किसी ने उनके जीवन और सिद्धांतों को अपनी प्रेरणा कहा।
गुवाहाटी से आए एक फैन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं पिछले 21 साल से लगातार अमिताभ बच्चन के जन्मदिन पर मुंबई में उनके घर के बाहर आता हूं। मैंने असम में अमिताभ बच्चन का फैन क्लब भी शुरू किया है। इतना ही नहीं, साल 2018 में मैं उनके लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में शामिल भी हुआ था।"
उसने बताया, ''मैंने अमिताभ बच्चन पर लिखी एक किताब भी लॉन्च की थी और उनकी लगभग सभी फिल्में देखी हैं। खासतौर पर फिल्म 'दीवार' मेरे दिल के सबसे करीब है। इस फिल्म को मैंने 70 से ज्यादा बार देखा है। अमिताभ बच्चन मेरे भगवान, मेरे खुदा हैं। मैं तीन साल की उम्र से उनका फैन हूं।''
उसने कहा, ''मैंने अपने घर में अमिताभ बच्चन के नाम का एक म्यूजियम भी बना रखा है। इसमें उनके पोस्टर, फिल्मों से जुड़ी चीजें, फिल्मफेयर मैगजीन, ऑडियो कैसेट और वीडियो कैसेट रखे हुए हैं। मुझे अमिताभ की फिल्मों के नाम तक याद हैं और मैं एक सांस में उनकी फिल्मों के नाम गिना सकता हूं।''
दूसरे फैन ने अमिताभ बच्चन ने कहा, ''अमिताभ बच्चन सिर्फ एक अभिनेता या सुपरस्टार नहीं है। वह लोगों के लिए एक इमोशन हैं। जब भी उनका नाम आता है तो हमारे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। उनसे जिंदगी को बेहतर तरीके से जीने की प्रेरणा मिलती है। इतनी सफलता हासिल करने के बाद भी अमिताभ जिस तरह विनम्र रहते हैं। वह अपने आप में सीखने वाली बात है। काम के साथ परिवार को समय देना और उसकी जिम्मेदारियां निभाना हमें प्रेरित करता है। उनके लिए हमारे दिल में इश्क है, जबकि उनसे मिलना ऊपर वाले के हाथ में है।''
अमिताभ के एक फैन ने उनके 84वें जन्मदिन पर उनकी लंबी उम्र की कामना की और कहा, "मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि वह लंबे समय तक स्वस्थ रहें और उनको मेरी भी उम्र लग जाए।" अमिताभ के जन्मदिन के मौके पर हमने वरिष्ठ नागरिकों को भोजन कराने की व्यवस्था की है। इसके साथ ही अनाथ बच्चों के लिए भी भोजन की व्यवस्था की गई है। हमने उनके जन्मदिन को सेवा के कामों से जोड़ने की कोशिश की है।"
--आईएएनएस
पीके/वीसी

