गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उत्तर पूर्वी परिषद की बैठक; विकास, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग पर होगी चर्चा
नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बुधवार से दो दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर शिलांग के लिए रवाना होंगे। अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री मेघालय की राजधानी शिलांग में आयोजित उत्तर पूर्वी परिषद (एनईसी) की 73वीं पूर्ण बैठक सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगे।
4 जून को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शिलांग स्थित स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित उत्तर पूर्वी परिषद (एनईसी) की 73वीं पूर्ण बैठक में सहभागिता करेंगे, इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे, जो इस परिषद के अध्यक्ष भी हैं। बैठक में पूर्वोत्तर क्षेत्र के समग्र विकास, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी, बुनियादी अधोसंरचना, आर्थिक प्रगति तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री नॉर्थ ईस्टर्न स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर से संबंधित बैठक में भी भाग लेंगे। बैठक में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास को गति देने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया का यह दौरा पूर्वोत्तर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा तथा क्षेत्र के लिए भविष्य की विकास रणनीतियों पर चर्चा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मंत्रालय द्वारा पूर्वोत्तर राज्यों में कनेक्टिविटी, अधोसंरचना, पर्यटन, कृषि, कौशल विकास और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलें संचालित की जा रही हैं।
--आईएएनएस
डीएससी

