अमेरिका के सामने झुकती है सरकार, युवा सड़कों पर, जनता ने भगाने का मन बना लिया है: विजय वडेट्टीवार
नागपुर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अमेरिका के सामने झुककर काम कर रही है और उसकी नीतियां देश विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की बदहाली से जनता त्रस्त है और युवा सड़कों पर है। जनता की भावना भड़क चुकी है और सत्ता परिवर्तन ही इसका समाधान है।
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा, "आप अमेरिका के सामने झुककर सलाम करते हैं। आपकी नीतियां देश विरोधी हैं, देश को बर्बाद करने वाली हैं। देश को कर्ज में डुबा दिया है। आप वोट चोरी करके सत्ता में आते हैं। जो संवैधानिक पदों पर कानूनी व्यवस्था के दायरे में नियुक्तियां होनी चाहिए, वह भी नहीं करते हैं। कानून में बदलाव करके मनमर्जी से काम करते हैं और देश का युवा आज सड़कों पर है। बेरोजगारी की समस्या है, किसान रो रहा है और महंगाई चरम पर है।"
उन्होंने कहा कि हमें अमेरिका से पूछकर डीजल-पेट्रोल लेना पड़ता है, यह हमारी नाकामी है। ऐसी नाकाम सरकार जिसने कुछ नहीं किया, देश को बेच दिया, ऐसी सरकार के खिलाफ अगर कोई सत्ता से भगाने की बात कहता है तो इसमें गलत क्या है? इसे गलत कैसे मानोगे? क्या आप सत्ता पर बैठे रहेंगे, देश को बर्बाद करके? क्या आपको बैठाकर रखेंगे और बढ़ावा देंगे?
कांग्रेस नेता ने कहा कि हम क्या करें, हम क्या मांग करते हैं, यह सवाल नहीं है। पूरा देश मांग कर रहा है, देश की जनता मांग कर रही है कि इनको भगाओ। अब सवाल यही है कि इस पूरे सिस्टम में हम संविधान को बचाने के लिए और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं और लड़ना हमारा काम है। सत्ता परिवर्तन ही इसका समाधान है। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कोई एक इंसान तो यह नहीं करता, लोगों की भावना बढ़ती है तभी ऐसा होता है। बांग्लादेश में जो हुआ, वह तब हुआ जब पूरी जनता सड़कों पर आई। किसी एक इंसान की इतनी औकात भी नहीं है, ताकत भी नहीं है। तो लोग आज सड़कों पर क्यों आ रहे हैं? राहुल गांधी के पीछे क्यों आ रहे हैं? बच्चों का एक संगठन सीजेपी खड़ा हुआ, उसके पीछे लाखों-करोड़ों लोग आते हैं, ये क्यों आ रहे हैं? इस पर आरोप लगाने से पहले इसके बारे में सोचिए कि ये क्यों आते हैं, इनके दिल में क्या है, इनके दिमाग में क्या है, ये क्या चाहते हैं, इनके साथ क्या अन्याय हो रहा है, यह भी सोचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अपने आप कोई सड़कों पर नहीं उतरेगा, अपने आप कोई किसी को गालियां नहीं देगा। आप कुछ गलत करोगे तो गालियां खाओगे। आप देश के साथ गलत करोगे तो लोग सड़कों पर उतरेंगे, अपने हक के लिए, अपनी सुरक्षा के लिए, अपने अधिकार के लिए लड़ेंगे। इसलिए इसमें अराजकता की कोई बात नहीं है, यह गलत बोल रहे हैं और अपनी गलतियों को छुपाने के लिए बांग्लादेश का नाम लेंगे, चीन का लेंगे, पाकिस्तान का लेंगे, यह सब इनके भागने की कोशिश है। इन मुद्दों पर, बुनियादी मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए कि जनता सड़कों पर क्यों उतर रही है, युवा सड़कों पर क्यों आ रहा है।
--आईएएनएस
केके/वीसी

