अमेरिकी चेतावनी के बावजूद हमारा 'सिली सिटी' होर्मुज पार कर, सुरक्षित लौटा: ईरान
तेहरान, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान ने दावा किया है कि अमेरिकी नाकेबंदी और चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए उनका तेल टैंकर 'सिली सिटी' स्वदेश लौट आया है। विभिन्न स्थानीय मीडिया एजेंसियों ने इसकी जानकारी दी है।
तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया कि सोमवार देर रात नेवी के ऑपरेशनल सहयोग से तेल टैंकर सिली सिटी ईरान के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में प्रवेश कर गया।
टैंकर ट्रैकर्स डॉट कॉम में भी जहाज को इंडोनेशिया से ईरान के जलक्षेत्र में पहुंचते देखा जा सकता है। इसमें स्पष्ट दिखा कि तेल टैंकर ने, अमेरिकी नाकाबंदी के बावजूद, इंडोनेशिया के रियाउ द्वीपों तक दो मिलियन बैरल तेल की खेप पहुंचाने के बाद सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया।
वहीं सरकारी न्यूज एजेंसी आईआरएनए (इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी ) ने भी इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान आर्मी के हवाले से इसकी जानकारी दी।
सेना ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि अमेरिकी नौसेना बलों की बार-बार चेतावनियों और धमकियों के बावजूद, टैंकर ने सुरक्षित रूप से अरब सागर पार किया और रात भर में ईरानी जलक्षेत्र पहुंच गया।
बयान में आगे कहा गया कि यह जहाज नौसेना की निगरानी में है, सुरक्षित है और अपनी यात्रा पूरी करने के बाद ईरान के दक्षिणी बंदरगाहों में से एक पर सुरक्षित रूप से लंगर डाले खड़ा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 अप्रैल को नौसैनिक नाकाबंदी का ऐलान कर दिया था। सीजफायर के महज चार दिन बाद ऐसा किया गया। इसे लेकर दोनों पक्ष के बीच तनाव काफी बढ़ा है।
इस बीच, सोमवार को, अमेरिकी सेना ने एक वाणिज्यिक ईरानी जहाज, 'टुस्का,' को कब्जे में लिया था, यह दावा करते हुए कि उसने नाकेबंदी का उल्लंघन किया था। दोनों ओर से बयानों की झड़ी लग गई। जिसके बाद इस्लामाबाद टॉक्स राउंड को लेकर भी संशय पैदा हो गया। ईरान के स्पीकर कह रहे हैं कि यूएस सीजफायर नियमों का उल्लंघन कर रहा है तो ट्रंप भी होर्मुज न खोलने देने की दशा में इसे लागू करते रहने का दावा कर रहे हैं।
--आईएएनएस
केआर/

