Samachar Nama
×

अमेरिकी विदेश मंत्री ने आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने से की बात, नेपाल बाढ़ पर जताया दुख

अमेरिकी विदेश मंत्री ने आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने से की बात, नेपाल बाढ़ पर जताया दुख
अमेरिकी विदेश मंत्री ने आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने से की बात, नेपाल बाढ़ पर जताया दुख

काठमांडू, 7 सितंबर (आईएएनएस)। नेपाल त्रासदी पर दुख जताते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) अध्यक्ष रवि लामिछाने से टेलीफोन पर बातचीत की।

बातचीत के दौरान, विदेश मंत्री रूबियो ने भोटेकोशी बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख जताते हुए नेपाल सरकार तथा नेपाली लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की।

आरएसपी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। बयान के अनुसार, अध्यक्ष लामिछाने ने बताया कि बाढ़ के बाद चल रहे खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए सरकार सभी उपलब्ध संसाधनों को जुटा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार नेपाली नागरिकों के साथ-साथ नेपाल में मौजूद विदेशी नागरिकों की सुरक्षा और बचाव के लिए भी उतनी ही प्रतिबद्ध है।

लामिछाने ने मुश्किल हालात में मदद के लिए अमेरिकी सरकार का धन्यवाद किया। इसके जवाब में, विदेश मंत्री रूबियो ने कहा कि अमेरिका नेपाल सरकार को और मदद देने के लिए तैयार है।

26 अगस्त को नेपाल-तिब्बत सीमा पर भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इस त्रासदी का दंश सबसे ज्यादा नेपाल को झेलना पड़ा। ग्लेशियर टूटने से आई बाढ़ की चपेट में हजारों लोग आए। नेपाल प्रशासन ने 1300 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है तो वहीं लापता लोगों की संख्या भी बड़ी है। शनिवार को नेपाल पुलिस की ओर से दिए गए अपडेट के मुताबिक 1353 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

वहीं चीन ने बारहवें दिन अपने द्वार विदेशी मीडिया के लिए खोले। मीडियाकर्मियों ने बाढ़ ग्रस्त इलाके में चल रहे बचाव अभियान को देखा। जहां बचावकर्मी खुदाई मशीनों, फावड़ों और जमीन के नीचे तक नजर रखने वाले रडार की मदद से लोगों और शवों को खोज रहे हैं।

शनिवार तक चीन की तरफ 43 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, जबकि 500 से ज्यादा को लापता बताया गया है। इनमें 23 देशों के 261 विदेशी नागरिक शामिल हैं। लापता लोगों में 49 भारतीय भी शामिल हैं।

लापता विदेशी नागरिकों में कई तीर्थयात्री हैं, जो नेपाल के रास्ते तिब्बत में माउंट कैलाश की यात्रा पर गए थे।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags