अमेरिका का वेनेजुएला पर इस तरह कब्जा करना गलत है: तारिक अनवर
नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर कब्जा करने को कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने गलत बताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जिस तरह से काम कर रहा है वह गलत है, उसको इस तरह का काम नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आप किसी भी देश के अंदरूनी मामलों में दखल कैसे दे सकते हैं? खासकर इस तरह से कि आप वहां के राष्ट्रपति और उनके परिवार को गिरफ्तार कर लें। अगर मामला लोकतंत्र बचाने का था, तो उसके लिए इंटरनेशनल फोरम हैं। यूएन और दूसरे फोरम हैं जहां इस पर चर्चा हो सकती थी, जहां बहस हो सकती थी।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह जो चाहे कर सकता है। मनमानी के मामले में कोई उनका मुकाबला नहीं कर सकता। पहले भी वे कई देशों पर ऐसे हमले कर चुके हैं। वे वही करते हैं जो उन्हें करना होता है क्योंकि उनके पास ताकत और शक्ति है। वे समय-समय पर इसे दिखाते रहते हैं। मेरा मानना है कि वेनेजुएला में जो हुआ, वह अंतरराष्ट्रीय कानून के हिसाब से सही नहीं है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन हेतु पार्टी की स्क्रीनिंग समिति की प्रमुख बनाए जाने पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने बधाई दी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग गलत अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, "प्रियंका गांधी पिछले पांच सालों से जनरल सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रही हैं। उन्हें समय-समय पर संगठन की जिम्मेदारियां दी गई हैं। जब यूपी में विधानसभा चुनाव हुए थे। इसलिए, हम यह नहीं कह सकते कि यह पहली बार है, यह दूसरी बार है जब उन्हें चुनाव से जुड़े किसी राज्य की ज़िम्मेदारी दी गई है। वह असम में अपने राजनीतिक अनुभव और काबिलियत का इस्तेमाल करेंगी। असम में कांग्रेस की वापसी की पूरी संभावना है। इसलिए, भारतीय जनता पार्टी जो बात फैला रही है, वह गलत है।"
बता दें कि भाजपा ने पिछले महीने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा था कि राहुल गांधी ने लोगों का विश्वास खो दिया है और यह स्पष्ट है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस चुनाव हार रही है। इसीलिए कांग्रेस पार्टी ने अब असम में प्रियंका गांधी वाड्रा को स्क्रीनिंग समिति की प्रमुख बनाया है।
--आईएएनएस
एसएके/एएस

