अमरनाथ यात्रियों के लिए पीएम मोदी का पत्र उत्साहवर्धक, कांग्रेस में प्रतिभाओं की उपेक्षा: शाहनवाज हुसैन
नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने अमरनाथ यात्रियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पत्र, कांग्रेस की आंतरिक हालात, पश्चिम बंगाल की राजनीतिक गतिविधियों और टीएमसी में चल रहे मतभेदों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमरनाथ यात्रियों के लिए लिखा गया पत्र श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाने वाला है। वहीं, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में प्रतिभाशाली नेताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमरनाथ यात्रियों के नाम लिखे गए पत्र पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमरनाथ यात्रियों को यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उनकी यात्रा सुखद हो, इसकी कामना की है। पीएम मोदी सभी लोगों की चिंता करते हैं। समाज में कहीं भी कोई बड़ा अवसर हो रहा हो, उस पर उनकी नजर रहती है। प्रधानमंत्री मोदी का यह पत्र यात्रा करने वालों के लिए बेहद उत्साहवर्धक है और इससे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।
पंजाब कांग्रेस के नए पैनल से मनीष तिवारी को बाहर किए जाने के सवाल पर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में किसी भी प्रतिभाशाली व्यक्ति की कोई जगह नहीं बची है। मनीष तिवारी पढ़े-लिखे व्यक्ति हैं, बड़े वकील रहे हैं, केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और युवा नेता के रूप में भी उनकी पहचान रही है। इसके बावजूद उनकी अपनी ही पार्टी में लंबे समय से उपेक्षा की जा रही है। कांग्रेस के भीतर लगातार अंदरूनी संघर्ष चल रहा है। पंजाब कांग्रेस में चाहे चरणजीत सिंह चन्नी हों, राजा वडिंग हों, मनीष तिवारी हों या जाखड़ साहब, सभी आपस में लड़ रहे हैं। कांग्रेस के भीतर तलवारबाजी चल रही है और यह प्रतियोगिता हो रही है कि किसे गोल्ड मेडल मिलेगा। पंजाब कांग्रेस की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी ने अपने पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद और पंजाब के बड़े नेता मनीष तिवारी को ही बाहर कर दिया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पश्चिम बंगाल दौरे पर शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों को बहुत वर्षों बाद लोकतांत्रिक व्यवस्था मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कम्युनिस्ट शासन के दौरान लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया गया और ममता बनर्जी के सत्ता में आने के बाद लोकतांत्रिक मूल्यों की पूरी तरह हत्या हो गई। अब भारतीय जनता पार्टी की नई सरकार बनी है और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वहां पहुंचे हैं, जहां वे लोगों को संबोधित भी करेंगे। यह एक अच्छी शुरुआत है।
टीएमसी में चल रहे अंदरूनी मतभेद और विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी की चुनाव आयोग से मुलाकात पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब पश्चिम बंगाल में इतिहास बन गई है। ममता बनर्जी का साथ सांसदों, विधायकों, कार्यकर्ताओं, पंचायत समिति के सदस्यों और यहां तक कि मेयरों ने भी छोड़ दिया है। अब केवल उनका भतीजा ही उनके साथ है। तृणमूल कांग्रेस का बहुमत उनके खिलाफ हो चुका है और ममता बनर्जी अल्पमत में रह गई हैं। अब यह चुनाव आयोग को तय करना है कि वास्तविक पार्टी कौन है और उसका नेता कौन होगा।
--आईएएनएस
पीएसके

