Samachar Nama
×

अमरनाथ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं से 'रेल वन ऐप' इस्तेमाल करने की अपील, टिकट बुकिंग होगी आसान

अमरनाथ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं से 'रेल वन ऐप' इस्तेमाल करने की अपील, टिकट बुकिंग होगी आसान
अमरनाथ यात्रा 2026: श्रद्धालुओं से 'रेल वन ऐप' इस्तेमाल करने की अपील, टिकट बुकिंग होगी आसान

जम्मू, 13 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरी रेलवे के जम्मू मंडल ने श्री अमरनाथ यात्रा 2026 पर आने वाले श्रद्धालुओं से रेल यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए 'रेल वन ऐप' का उपयोग करने की अपील की है। रेलवे का कहना है कि इस ऐप के जरिए यात्री बिना टिकट काउंटर पर लंबी कतार में लगे आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे और यात्रा से जुड़ी कई अन्य सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।

उत्तरी रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 'रेल वन ऐप' यात्रियों को 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन जनरल टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध कराता है। इसके अलावा यात्री इसी ऐप के माध्यम से पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, प्लेटफॉर्म की जानकारी और यात्रा के दौरान भोजन की बुकिंग जैसी सेवाओं का भी लाभ उठा सकते हैं।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ऐप के माध्यम से बुक किए गए टिकट की यात्रा के दौरान केवल ऐप में लॉग-इन करने के बाद दिखाई देने वाली मूल डिजिटल टिकट ही वैध मानी जाएगी। टिकट का स्क्रीनशॉट या फोटो स्वीकार नहीं किया जाएगा, इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा के समय अपने मोबाइल में ऐप सक्रिय रखें।

जम्मू मंडल ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपने मोबाइल फोन में 'रेल वन ऐप' डाउनलोड कर लें और ऐप के 'प्लान माई जर्नी' सेक्शन का उपयोग करके अपने रूट, ट्रेन और यात्रा कार्यक्रम की पहले से योजना बना लें। किसी भी प्रकार की अतिरिक्त जानकारी या सहायता के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस अवसर पर जम्मू के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा देश की आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रेलवे का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव मिले। इसी उद्देश्य से 'रेल वन ऐप' को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यह ऐप डिजिटल और पेपरलेस यात्रा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ यात्रियों का समय भी बचाता है और भीड़भाड़ से राहत दिलाता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से डिजिटल टिकटिंग अपनाने और आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी यात्रा को अधिक सहज और यादगार बनाने की अपील की। उत्तरी रेलवे ने भरोसा दिलाया कि जम्मू मंडल यात्रियों की बेहतर सेवा के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags