मध्य प्रदेश: अमरकंटक में नर्मदा उद्गम स्थल को मिलेगा पौराणिक स्वरूप, ट्रस्ट ने बनाई कार्ययोजना
अनूपपुर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की सरकार धार्मिक स्थलों को विकसित कर रही है। इसी क्रम में अनूपपुर जिले के अमरकंटक में नर्मदा नदी का उद्गम स्थल है। इस स्थान को ऐतिहासिक स्वरूप देने की कार्य योजना तैयार हो गई है।
श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वीं सामान्य बैठक में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण, उद्गम कुंड के जल की शुद्धता, जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था और मंदिर परिसर को अतिक्रमण मुक्त बनाने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
ट्रस्ट ने निर्णय लिया है कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। वित्तीय पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के लिए मासिक आय पंजी का नियमित संधारण करने का निर्णय लिया गया।
नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप को पुनर्स्थापित करने के लिए प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण कर उनका संरक्षण एवं संवर्धन किया जाएगा। मंदिर परिसर और माई की बगिया को भी उनके मूल स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की योजना है। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों को पारंपरिक पौराणिक स्थापत्य के अनुरूप भव्य एवं आकर्षक बनाया जाएगा। इन द्वारों पर काऊ कैचर लगाने का भी निर्णय लिया गया है।
नर्मदा उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से प्रतिमाह जल के नमूनों की जांच कराई जाएगी। मंदिर परिसर से निकलने वाले जल और पूजन सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन किया जाएगा। परिसर में जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था लागू करने, प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी है।
कार्य योजना के मुताबिक, मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के आसपास अनधिकृत अतिक्रमण और सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित संरचनाओं को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। मंदिर परिसर के आसपास नो कंस्ट्रक्शन जोन, धार्मिक मर्यादाओं और प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात एवं आवागमन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा अमरकंटक सीवरेज योजना को सुदृढ़ बनाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कोटि तीर्थ घाट के दोनों ओर शेड बनाए जाएंगे। माई की बगिया स्थित पूजा स्थल के मंडप शेड के चारों ओर ग्रिल लगाई जाएगी। मुख्य मंदिर की यज्ञशाला और माई की बगिया के धूना शेड की मरम्मत कराई जाएगी। माई की बगिया में रसोई शेड का निर्माण तथा पानी की सतत उपलब्धता के लिए पानी की टंकी स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया है।
--आईएएनएस
एसएनपी/एएसएच

