अमर कॉलोनी गोलीबारी कांड: यूपी स्टाइल में दोषियों का एनकाउंटर करना चाहिए: मृतक के पिता
नई दिल्ली, 1 जून (आईएएनएस)। दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी गोलीबारी मामले में मृतक युवक के पिता सुनील कुमार ने न्याय की अपील की। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश में योगी राज के अंदर अपराधियों का एनकाउंटर किया जा रहा है, ठीक वैसे ही उनके बेटे को मारने वाले अपराधियों का एनकाउंटर किया जाना चाहिए, तभी जाकर उनके बेटे को न्याय मिलेगा।
मृतक युवक के पिता सुनील कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में भावुक होते हुए कहा कि मेरा बेटा तो बस खाना खाने गया था। वहां कुछ गुंड़ों ने उसे गोली से मार दी। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सरकार से उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
सुनील कुमार ने बताया कि मेरा बेटा साई अब इस दुनिया में नहीं रहा। सात दिन पहले वह अपने दोस्तों के साथ अमर कॉलोनी के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। वहां गुंडों ने उसके सिर में गोली मार दी।
उन्होंने आगे कहा कि मुझे सरकार और प्रशासन से उम्मीद है कि दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। जैसे उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर होते हैं, वैसी ही कार्रवाई इनके साथ भी होनी चाहिए। जिस तरह उन्होंने मेरे बेटे को मारा, उसी तरह इन्हें भी एनकाउंटर में मार दिया जाना चाहिए। आज मेरे बेटे के साथ हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है।
सुनील कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी अपील की।
उन्होंने कहा कि अगर किसी नेता के बेटे के साथ ऐसा होता, तो दोषी बच नहीं पाते।
पिता के अनुसार, उसका बेटा कुछ दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट गया था, जहां उसके कुछ दोस्त आने वाले थे। वहां पर कुछ लड़के आए और मेरे बेटे की दोस्त के आगे-पीछे घूम रहे थे। मेरे बेटे साई ने इसका विरोध किया तो वे धमकाने लगे। इसके बाद वे चले गए, लेकिन कुछ देर बाद ही वे लौटे और फायरिंग कर दी।
सुनील कुमार ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य के नाम सामने आ रहे हैं। सुनील कुमार का आरोप है कि इन बदमाशों को किसी राजनीतिक दल का संरक्षण प्राप्त है। साई 12वीं कक्षा का छात्र था और ट्यूशन के बाद घर पर ही रहता था। पिता ने मांग की है कि उनके बेटे को न्याय मिलना चाहिए।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

