Samachar Nama
×

'अल्फा' पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, किसी को एक्शन आया पसंद, तो किसी को कहानी लगी कमजोर

'अल्फा' पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, किसी को एक्शन आया पसंद, तो किसी को कहानी लगी कमजोर
'अल्फा' पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया, किसी को एक्शन आया पसंद, तो किसी को कहानी लगी कमजोर

मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की 'टाइगर', 'वॉर' और 'पठान' जैसी बड़ी फिल्मों के बाद अब उनकी नई फिल्म 'अल्फा' रिलीज हो चुकी है और इसे लेकर सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आती हैं। वहीं बॉबी देओल, अनिल कपूर और ऋतिक रोशन के कैमियो ने भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाई है। फिल्म को लेकर आईएनएस से बातचीत में दर्शकों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए।

पहले दर्शक ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, ''फिल्म में ज्यादातर फाइटिंग सीन हैं। फीमेल लीड का कॉन्सेप्ट मुझे काफी यूनिक लगा, क्योंकि इस बार एक्शन फ्रंट पर लड़कियां आगे हैं। मुझे आलिया भट्ट और शरवरी दोनों की एक्टिंग बेहद पसंद आई। आलिया का अवतार पहले से बिल्कुल अलग और नया दिखा। हां, अगर फिल्म में ऋतिक रोशन का कैमियो थोड़ा लंबा होता तो मजा और बढ़ जाता। लेकिन मुझे लगता है कि मेकर्स ने शायद जानबूझकर उनका स्क्रीन टाइम कम रखा, ताकि फोकस आलिया और शरवरी पर बना रहे। मैं फिल्म को 5 में से 3 स्टार दूंगी।''

दूसरे दर्शक ने फिल्म को शुरुआत में काफी बोरिंग बताया। उन्होंने कहा, ''मुझे शुरुआत में कहानी धीमी लगी और ऐसा महसूस हुआ है कि आगे कुछ खास नहीं होगा। लेकिन जब बॉबी देओल की कहानी को दिखाया जाता है, तो तब बड़ा ट्विस्ट आता है। मेरे लिए बॉबी देओल का पाकिस्तान से जुड़ा सीक्रेट खुलना बिल्कुल अपेक्षित नहीं था। इसने फिल्म को दिलचस्प बना दिया। बॉबी देओल की परफॉर्मेंस सबसे बेहतरीन थी। दीया मिर्जा को मैंने लंबे समय बाद स्क्रीन पर देखा है, वह पहली की तरह बेहद खूबसूरत है। वहीं ऋतिक रोशन के कैमियो की बात करें, तो यह बहुत छोटा था और इसे और बेहतर तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता था। मैं फिल्म को 5 में से 4 स्टार दूंगा।''

अन्य दर्शक ने फिल्म के एक्शन और सेकंड हाफ को सबसे मजबूत हिस्सा बताया। उन्होंने कहा, ''मुझे फिल्म में फाइटिंग सीन ज्यादा पसंद आए और खासकर आलिया भट्ट और शरवरी का काम शानदार लगा। फिल्म का सेकंड हाफ पहले हाफ की तुलना में ज्यादा रोमांचक था। म्यूजिक भी ठीक था, लेकिन इसे और बेहतर किया जा सकता था। मैं फिल्म को 3.5 स्टार दूंगा।''

एक और दर्शक ने फिल्म में बॉबी देओल को सबसे मजबूत विलेन बताया। उन्होंने कहा, ''बॉबी देओल का किरदार फिल्म को एक अलग स्तर पर ले जाता है। आलिया भट्ट और शरवरी की एक्टिंग भी काफी अलग है। मुझे फिल्म का वह सीन सबसे दिलचस्प लगा जब आलिया और शरवरी, ऋतिक रोशन के किरदार से मिलते हैं। फिल्म का म्यूजिक ज्यादा प्रभावशाली नहीं था, लेकिन फिर भी मैं फिल्म को 5 में से 4 स्टार दूंगा।''

वहीं एक और दर्शक ने फिल्म को एवरेज से थोड़ा बेहतर बताया। उन्होंने कहा, "कहानी अच्छी है लेकिन उसमें गहराई की कमी है। आलिया भट्ट का प्रदर्शन शरवरी से ज्यादा मजबूत था। वहीं ऋतिक रोशन का कैमियो मुझे ठीक-ठाक लगा। मैं फिल्म को 5 में से 3 स्टार दूंगा।"

बता दें कि 'अल्फा' का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म को पहले दिसंबर 2025 में रिलीज किया जाता था, लेकिन इसकी रिलीज डेट को आगे बढ़ाते हुए अप्रैल 2026 तक कर दिया गया। पर अप्रैल में किसी कारण मेकर्स ने इसे जुलाई में रिलीज करने का फैसला लिया। अब आखिरकार यह फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story

Tags