एलन बॉर्डर फील्ड पर अजेय ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम, दर्ज की लगातार 21वीं जीत
ब्रिस्बेन, 24 फरवरी (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भारत के खिलाफ मंगलवार को खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच को 6 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने एलन बॉर्डर फील्ड पर लगातार 21वां मुकाबला अपने नाम कर लिया है।
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने यहां 7 फरवरी 1999 को पहला वनडे मैच खेला था, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ 100 रन से जीत दर्ज की। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने यहां साल 2006 से 2011 तक न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 7 मैच जीते।
22 अक्टूबर 2017 को इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का सामना इंग्लैंड से हुआ, जिसमें 2 विकेट से जीत दर्ज की। इसके बाद इस टीम ने अक्टूबर 2019 में श्रीलंका के विरुद्ध यहां 3 वनडे मैच जीते। अक्टूबर 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ यहां लगातार तीन वनडे जीते।
ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने जनवरी 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ इस मैदान पर 2 वनडे मैच जीते, जिसके बाद दिसंबर 2024 में भारत के खिलाफ इतने ही मुकाबलों में जीत दर्ज की। अब मेजबान टीम ने वनडे सीरीज के पहले मैच को इस मैदान पर 6 विकेट से अपने नाम किया है।
मंगलवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए इस मैच में भारतीय टीम 48.3 ओवरों में महज 214 रन पर सिमट गई। टीम इंडिया की तरफ से स्मृति मंधाना ने 58 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 53 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। काश्वी गौतम ने 43 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एश्ले गार्डनर ने 33 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट निकाले।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 38.2 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। इस टीम से बेथ मूनी ने 79 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ 76 रन बनाए, जबकि कप्तान एलिसा हीली ने 50 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। एनाबेल सदरलैंड 48 रन बनाकर नाबाद रहीं। फोएबेल लिचफील्ड ने 32 रन जुटाए। भारत की तरफ से श्री चरणी ने 2 विकेट अपने नाम किए।
--आईएएनएस
आरएसजी

